Saturday, November 11, 2017

मोदी ने काम करके देश के लोगों को एकजुट किया - ट्रम्प

साभार: भास्कर समाचार
एशिया यात्रा के दौरान वियतनाम पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को भारत के शानदार विकास के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत के लोगों को एक कर
दिया है। वहीं, चीन की कठिन व्यापार नीति के लिए ट्रम्प ने उसे झिड़का, साथ ही आगाह किया कि कोई भी अमेरिका का गलत फायदा नहीं उठा सकेगा। 
एशिया- पैसिफिक इकोनॉमिक काेऑपरेशन (एपेक) सम्मेलन से इतर सीईओ की बैठक में ट्रम्प ने कहा कि भारत आजादी की 70वीं वर्षगांठ मना रहा है। वह एक अरब से ज्यादा आबादी वाला देश है। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत की विकासगाथा कई लोगों को प्रभावित कर रही है। भारतीयों के लिए अवसर बढ़े हैं। एपेक में जापान, रूस और दक्षिण कोरिया के नेता हिस्सा ले रहे हैं। पीएम मोदी रविवार को फिलीपींस जाएंगे। वहां वे इंडिया-आसियान और ईस्ट एशिया समिट में भाग लेंगे। 
अमेरिका चुप नहीं बैठेगा-ट्रम्प: 
चीन की व्यापार नीति को लेकर ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका आंखें मूंदकर चुप नहीं बैठेगा। बीजिंग से रवाना होने के कुछ घंटों के बाद ही उन्होंने कहा कि चीन की नीतियों के कारण अमेरिकी बेरोजगार हो गए हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे। हम बराबरी और तर्कसंगत आधार पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।