Thursday, November 30, 2017

उ. कोरिया ने बनाई दुनिया की पांचवीं सबसे शक्तिशाली मिसाइल; 13 हजार किमी है मारक क्षमता, भारत समेत पूरा अमेरिका इसकी जद में

साभार: भास्कर समाचार
उत्तर कोरिया ने 6वीं बार इंटर कांटिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) का परीक्षण किया है। इसकी मारक क्षमता 13 हजार किमी से ज्यादा है। यह उत्तर कोरिया की सबसे शक्तिशाली मिसाइल है। सरकारी टीवी
केसीएनए ने बताया कि कि इस मिसाइल का नाम हांगसोंग-15 है। यह वाशिंगटन डीसी समेत पूरे अमेरिका में कहीं भी मार कर सकती है। हांगसोंग-15 ने 4,475 किमी की ऊंचाई तक गई। यह इंटरनेशनल स्पेस से करीब 10 गुना ज्यादा है। इसके अलावा 950 किमी की दूरी तय की। 53 मिनट तक हवा में रही। उ. कोरिया ने इस साल 14वीं बार मिसाइल परीक्षण किया है। इससे पहले आखिरी परीक्षण इसी साल 15 सितंबर को किया था। उ. कोरिया का कहना है कि यह अमेरिका से सुरक्षा करने के लिए जरूरी है, क्योंकि उसने 28,500 सैनिकों को दक्षिण कोरिया में तैनात कर रखा है। 
जापान, अमेरिका और दक्षिण कोरिया में आपात बैठक: जापान, अमेरिका, दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने आपात बैठक की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रम्प ने कहा है कि यह ऐसी परिस्थिति है, जिसे हम संभाल लेंगे। जापान के पीएम शिंजो आबे ने दुनिया से उ. कोरिया पर ज्यादा से ज्यादा दबाव डालने को कहा है। बोले- ऐसे कदम को निश्चित रूप से बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उ. कोरिया की मिसाइल जिस जगह जाकर गिरी, वह क्षेत्र जापान का एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन है। जापान के ओमोरी द्वीप से करीब 215 किमी दूर पश्चिम में है। 
भारत समेत दुनिया के 7 देशों के पास है आईसीबीएम मिसाइल: दुनिया में अब तक 7 देश आईसीबीएम मिसाइल का परीक्षण कर चुके हैं। इनमें रूस, अमेरिका, चीन, भारत, फ्रांस, इजरायल और उ. कोरिया शामिल हैं। रूस ने 1957 में पहली बार आईसीबीएम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया था। जिसने 6,000 किमी की दूरी तय की। भारत ने 2012 में 5,000 किमी तक मार करने वाली अग्नि-5 मिसाइल का परीक्षण किया था। 
दुनिया की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली मिसाइल रूस के पास: 
  • रूस: आर-36एम 16000किमी, ये सबसे अधिक रेंज वाली मिसाइल है। वजन 8.8 टन है। रफ्तार 28,440 किमी है। 
  • अमेरिका: यूजीएम-133ट्राइटेंड-11,300 किमी, ये यूएस की सबसे अधिक रेंज वाली मिसाइल है। इसे पनडुब्बी से छोड़ा जाता है। स्पीड 21,000 किमी है। 
  • चीन: डॉन्गफेंग5-ए, बी-13,000किमी , इसकीजद में पूरा अमेरिका आता है। यह एक साथ कई निशाने साध सकती है। 
  • फ्रांस: एम-51,10,000किमी, 2010 में सेना में शामिल हुई। पनडुब्बी से छोड़ा जा सकता है। 6 निशाने एक साथ साध सकती है। 

क्या है आईसीबीएम: इंटर कांटिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल या आईसीबीएम अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल है। यह एक देश से दूसरे देश तक मार कर सकती है। यह एक कंट्रोल्ड मिसाइल होती है, जो कम से कम 5,500 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। 
  • 2 साल में उ. कोरिया ने 21वीं बार मिसाइल परीक्षण किया है, इसमें चार असफल रहे हैं। तीन परमाणु परीक्षण भी किया है। 
  • 6 साल में किम जोंग उन ने 43 शॉर्ट रेंज, 13 मीडियम, 10 क्रूज, 6 इंटर कांटिनेंटल मिसाइल 4 परमाणु परीक्षण किए हैं। 
  • 150 मिसाइल, परमाणु परीक्षण उ. कोरिया ने 33 साल में किए हैं। इनमें से आधे से ज्यादा किम जोंग उन ने किए हैं।