Friday, November 24, 2017

मुंबई हमले के मास्टरमाइंड की रिहाई के आदेश पर भारत ने कहा - आतंकियों को मुख्यधारा में लाना चाहता है पाक

साभार: भास्कर समाचार
मुंबई हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद की रिहाई के आदेश पर भारत और अमेरिका ने नाराजगी व्यक्त की है। भारत ने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर पाक एक बार फिर बेनकाब हो गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता
रवीश कुमार ने गुरुवार को कहा, 'इससे आतंक फैलाने के दोषियों को सजा दिलाने के प्रति पाकिस्तान में गंभीरता की कमी का पता चलता है। पाकिस्तानी सिस्टम प्रतिबंधित आतंकियों को मुख्यधारा में लाना चाहता है।' अमेरिका सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने सईद की रिहाई के आदेश को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने वाला माना। अब अंतरराष्ट्रीय दबाव को देखते हुए पाक सईद को किसी दूसरे केस में हिरासत में ले सकता है। 
बुगती को शरण दे सकता है भारत: 
पाक से निर्वासित बलूच रिपब्लिकन पार्टी के नेता ब्रह्मदाग बुगती की शरण की याचिका स्विट्जरलैंड ने खारिज कर दी है। भारत सईद की रिहाई के जवाब में बुगती को शरण पर विचार कर सकता है। 
रिहाई से पहले ही दी धमकी: 
सईद ने काेर्ट का आदेश आने पर वीडियो में भारत को धमकी दी। सईद ने कहा, 'मेरी रिहाई पाकिस्तानी की आजादी की फतह है। भारत मुझे नुकसान नहीं पहुंचा सकता है। मैं कश्मीर की आजादी के लिए लड़ रहा हूं।' 

9 साल बाद भी मास्टरमाइंड न्याय के घेरे से बाहर: अमेरिका के आतंकवाद विरोधी शीर्ष जानकार विशेषज्ञ ब्रूस रीडल ने कहा, 'मुंबई में 26/11 हमले के 9 साल बीत गए, पर मास्टरमाइंड न्याय के घेरे से बाहर है। पाक का प्रमुख गैर नाटो सहयोगी का दर्जा रद्द करने का वक्त गया है।' अमेरिका ने हाफिज पर 1 करोड़ रु. इनाम रखा है।