Sunday, November 26, 2017

करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेंद्र काल्वी के आह्वान पर महापंचायत: चेतावनी दी, नहीं चलने देंगे पद्मावती फिल्म

साभार: जागरण समाचार 
भोंडसी के दादी सती मंदिर में शनिवार को फिल्म पद्मावती के विरोध में महापंचायत हुई, जिसमें फिल्म को नहीं चलने देने का निर्णय लिया गया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर फिल्म रिलीज हुई तो भारत बंद किया जाएगा।
इस दौरान रानी पद्मावती के 37वें वंशज व करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेंद्र काल्वी ने कहा कि भारतीय नारी के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। देश की 36 बिरादरी पार्टी से ऊपर उठकर अपनी भावना को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का काम कर रही है। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व भाजपा नेता सूरजपाल अम्मू ने कहा कि देश के इतिहास का अपमान सहन नहीं होगा। विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत ने कहा कि रानी पद्मावती ने 16 हजार महिलाओं के साथ जौहर कर नारी शक्ति का सम्मान बढ़ाया था।