Monday, November 27, 2017

प्रत्यर्पण के बाद भगोड़ा घोषित विजय माल्या को आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा

साभार: जागरण समाचार 
ब्रिटेन से प्रत्यर्पित होने पर भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या को मुंबई के आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा। प्रत्यर्पण मामले में भारत सरकार की तरफ से पैरवी करने वाले क्रॉउन प्रोसीक्यूशन सर्विस (सीपीएस) के जरिये
भारत ब्रिटेन के कोर्ट को अगले सप्ताह यह जानकारी देगा। बैंकों के करीब 9,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा चलाने के लिए भारत ने ब्रिटेन से माल्या के प्रत्यर्पण की मांग की है। गृह मंत्रलय के एक अधिकारी ने कहा कि भारत लंदन के वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट के कोर्ट से कहेगा कि कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। भारत की जेल में माल्या की जान को खतरे की आशंका गुमराह करने वाली है। कोर्ट को यह बताया जाएगा कि भारत में जेल दुनिया के अन्य देशों की जेलों की तरह पूरी तरह सुरक्षित हैं। भारत ने माल्या के वकील की दलील के बाद यह कदम उठाने का फैसला किया है। वकील ने कहा था कि भारत प्रत्यर्पित होने पर माल्या की जान को खतरा है। भारत की जेलों में मानवाधिकार उल्लंघनों की कई घटनाओं के आरोप हैं। अधिकारी ने कहा कि ऐसे आरोप लगा कर माल्या प्रत्यर्पण से बचने का प्रयास कर रहे हैं। कोर्ट चार दिसंबर से माल्या के प्रत्यर्पण मामले की सुनवाई करेगा। माल्या मार्च 2016 से ब्रिटेन में हैं। लंदन के कोर्ट को यह भी बताया जाएगा कि आर्थर रोड जेल में रखे जाने पर माल्या की जान को खतरा नहीं होगा। विचाराधीन कैदी के रूप में माल्या को पूरी सुरक्षा दी जाएगी।