Monday, November 27, 2017

राई स्कूल में सिर्फ खेलने वाले बच्चों के हों दाखिले - अशोक खेमका

साभार: जागरण समाचार 
हरियाणा खेल विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका ने कहा है कि मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोट्र्स राई (सोनीपत) को पब्लिक स्कूल बनाना गलत फैसला है। उनका कहना था कि इस स्कूल में उसी बच्चे
का दाखिला होना चाहिए, जो खेलना व खिलाड़ी बनना चाहता है। दैनिक जागरण से बातचीत में खेमका ने कहा कि अगर हम ऐसा करते हैं तो यह स्कूल फिर से खिलाड़ियों को तैयार करने की फैक्ट्री बनेगा। जो बच्चा सिर्फ पढ़ने तक सीमित रहना चाहता है, उसके लिए स्कूलों की कमी नहीं है। आज हर स्कूल में खेल का माहौल नहीं है। स्कूल प्रबंधन ने हर स्तर पर सुधार किया है, लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि स्कूल में सिर्फ खिलाड़ी दाखिला लें। अभी उन बच्चों की संख्या ज्यादा है जो खेलते नहीं है। अगर ऐसा ही रहा, तो जिस मकसद से स्कूल का निर्माण किया गया था, वह मकसद समाप्त हो जाएगा। हमारे पास एक अच्छा संस्थान है जहां शिक्षा के साथ खेलों में ऊंचाई छू सकते हैं।
कौन से खेल हैं इस स्कूल में: मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोट्र्स राई में हॉकी, तैराकी, फुटबॉल, एथलेटिक, बॉक्सिंग, क्रिकेट के अलावा भी कई खेल हैं। इसी स्कूल की हॉकी टीम स्कूली प्रतियोगिता में प्रदेश की प्रसिद्ध टीमों में एक होती थी।
खेमका ने बंद कर दी थी पेंशन, सरकार ने भिजवाई: हरियाणा सरकार ने 2,20,564 ऐसे लोगों की पेंशन उनके खाते में भिजवा दी है, जिनकी पेंशन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रधान सचिव रहते हुए आइएएस अधिकारी अशोक खेमका ने बंद की थी। खेमका ने करीब साढ़े तीन लाख लोगों को पेंशन से यह कहते हुए वंचित कर दिया था कि उनके पास आधार कार्ड और जरूरी दस्तावेज नहीं हैं। राज्य में करीब 26 लाख लोग पेंशन हासिल कर रहे हैं। एक जनवरी 2018 से पेंशन 200 रुपये मासिक बढ़ोतरी हो जाएगी।