Wednesday, November 29, 2017

ग्लोबल आंत्रप्रेन्योरशिप समिट-2017: इवांका बोलीं- कामकाज में महिला-पुरुष का फर्क आधा हो जाए तो भारत की इकोनॉमी तीन साल में 9.75 लाख करोड़ रु. बढ़ सकती है

साभार: जागरण समाचार 
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सलाहकार एवं बेटी इवांका ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ग्लोबल आंत्रप्रेन्योरशिप समिट का उद्घाटन किया। इवांका ने महिला और पुरुष उद्यमियों के लिए समान
कानून की वकालत की। उन्होंने कहा, 'इस दूरी के खत्म होने से वैश्विक जीडीपी 2% से ज्यादा बढ़ सकती है। भारत में कामकाजी जैंडर गैप आधा हो जाए तो यहां की अर्थव्यवस्था 3 साल में 150 अरब डॉलर (9.75 लाख करोड़ रु.) से ज्यादा बढ़ सकती है। अमेरिका में 2016 में बिजनेस शुरू करने के लिए महिलाओं को 3%फंड दिया गया, आज 1.10 करोड़ महिलाएं बिजनेस चला रही हैं।' उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति बनने के बाद उनके पिता ने कहा था कि व्हाइट हाउस को भारत के रूप में सच्चा दोस्त मिला है। 
भारत में 4 में 3 पुराने कोर्ट में महिलाएं प्रमुख जज: मोदी 
मोदीने कहा कि भारत लक्ष्मी बाई और अहिल्या बाई का देश है। महिलाओं की तरक्की से ही देश की तरक्की संभव है। भारत के 4 में से 3 सबसे पुराने कोर्ट में महिलाएं प्रमुख जज हैं। उन्होंने भारत में निवेश का न्यौता देते हुए कहा कि आओ और मेक इन इंडिया का हिस्सा बनो। 
चाय बेचने से पीएम बनने तक मोदी ने साबित किया कि बदलाव मुमकिन है: 
मोदी की तारीफ करते हुए इवांका ने कहा कि उन्होंने जो हासिल किया है, वह असाधारण है। बचपन में चाय बेचने से लेकर पीएम तक के उनके सफर ने साबित किया कि बदलाव मुमकिन है। वे लोकतंत्र का प्रतीक हैं। इवांकाने कहा, महिला उद्यमी बढ़ने के बावजूद उन्हें बिजनेस शुरू करने और बढ़ाने में काफी मुश्किलें आती हैं। वो सशक्त होगीं, तभी हमारा परिवार, इकोनॉमी और हमारा समाज पूरी तरह से सामर्थ्य हासिल कर पाएगा।