Monday, November 6, 2017

डेरा सच्चा सौदा में दूसरे दिन नामचर्चा के दौरान नहीं दिखा गुरमीत का परिवार

साभार: जागरण समाचार 
डेरा सच्चा सौदा में दूसरे दिन भी नाम चर्चा हुई। नामचर्चा में भाग लेने के लिए दूसरे जिलों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे हैं। डेरा अनुयायियों की ओर से डेरे में नामचर्चा शुरू होने की सूचना अन्य श्रद्धालुओं तक भी पहुंचाई
जा रही है। रविवार को दोपहर बाद 3 बजे से लेकर 4 बजे तक एक घंटे के लिए नामचर्चा हुई, जिसमें पहले लिखे गए भजनों को कवि राजों ने सुनाते हुए तीनों गुरुओं का गुणगान किया।
बता दें कि शनिवार से डेरे में गतिविधियां शुरू हुई। नाम चर्चा के साथ-साथ रक्तदान शिविर भी लगाया गया। अब नियमित रूप से नामचर्चा होने की बात भी सामने आ रही है।
शनिवार को जहां नामचर्चा के दौरान डेरा प्रमुख की माता भी उपस्थित थी, वहीं सूत्रों के अनुसार रविवार को नाम चर्चा के समय डेरा प्रमुख के परिवार का कोई सदस्य उपस्थित नहीं था। अनुयायियों की संख्या भी ज्यादा नहीं थी। एक घंटे तक शब्द कीर्तन के बाद नाम चर्चा समाप्त कर दी गई, जिसके बाद शहर में ही रहने वाले अनुयायी वापस घरों को लौट गए।
पहले भी हर रोज होती थी नामचर्चा: डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के जेल जाने से पहले डेरे में हर रोज नामचर्चा होती थी। सुबह करीब दो घंटे तक नाम चर्चा के दौरान भजन गाए जाते थे। इस नाम चर्चा में डेरे में आए अनुयायी और शहर में रहने वाले डेरा प्रेमी शामिल होते थे।
गेट नंबर 3 व 5 स्थायी रूप से खुले: डेरा सच्चा सौदा के गेट नंबर 3 और 5 को स्थायी रूप से खोल दिया गया है। रविवार को इन गेटों की एक खिड़की खुली नजर आई, जिसमें से अनुयायियों को मेटल डिटेक्टर द्वारा जांच करके ही अंदर भेजा गया।