साभार: जागरण समाचार
गुजरात चुनाव के लिए भाजपा ने विधानसभा की 182 में से 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। 15 पाटीदारों और राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पांच विधायकों को भी पार्टी ने
प्रत्याशी बनाया है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी अपनी ही सीटों से चुनाव मैदान में हैं।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी राजकोट पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। उनके खिलाफ कांग्रेस विधायक इंद्रनील राजगुरु लंबे समय से दावेदारी जता रहे हैं। पाटीदार आंदोलन का केंद्र रहे मेहसाणा से उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को ही मैदान में उतारा गया है। पाटीदारों की नाराजगी के बावजूद भाजपा ने इस सीट से अपने उपमुख्यमंत्री पर ही दांव लगाया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी भावनगर पश्चिम, स्वास्थ्य राज्यमंत्री शंकर चौधरी वाव, शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चूडास्मा धोलका, पर्यटन मंत्री जयेश रादड़िया जेतपुर, राज्यमंत्री राजेंद्र त्रिवेदी रावपुरा और वन मंत्री गणपत सिंह वसावा मांगरोल से चुनाव लड़ेंगे।
गत दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर गुजरात में रोड शो किया था। भाजपा ने प्रथम चरण के लिए सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के 45 तथा दूसरे चरण के उत्तर गुजरात व मध्य गुजरात के 25 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। भाजपा की इस सूची में चार महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पांच विधायक भी भाजपा की सूची में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं।
इनमें राघवजी पटेल जामनगर ग्रामीण, धमेंद्र सिंह जडेजा जामनगर उत्तर, राम सिंह परमार ठासरा, सीके राउलजी गोधरा व मानसिंह चौहाण बालासिनोर सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं। गत चुनाव में सावली से निर्दलीय विधायक बने केतन ईनामदार को भी भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है।
पुलिस सेवा से तीन दिन पहले इस्तीफा देने वाले छोटा उदेपुर के पूर्व पुलिस उपाधीक्षक पीसी बरंडा को भाजपा ने भिलोडा सीट से प्रत्याशी बनाया है।