Thursday, January 4, 2018

भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर खींचतान, फेसबुक अकाउंट पर पवन सैनी ने खुद को दिखाया प्रदेश अध्यक्ष

साभार: जागरण समाचार 
हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर पार्टी में खींचतान बढ़ गई है। लाडवा से भाजपा विधायक डा. पवन सैनी के फेसबुक अकाउंट पर प्रोफाइल में उन्हें अध्यक्ष दिखाया गया तो पार्टी में सुगबुगाहट तेज हो गई।
कुछ ही देर में डा. पवन सैनी के प्रदेश अध्यक्ष बनने की चर्चा सोशल मीडिया पर छा गई। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने इस अफवाह को खुले तौर पर खारिज तो नहीं किया, लेकिन उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अशोक ढांड को कैथल का जिलाध्यक्ष नियुक्त कर यह संदेश देने की कोशिश की है कि अभी वे ही प्रदेश अध्यक्ष हैं। बराला ने कैथल जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाना को प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य मनोनीत किया है। सुरेश नोंच को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रांतीय सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बेटे विकास बराला द्वारा आइएएस वीएस कुंडू की बेटी वर्णिका कुंडू से छेड़छाड़ की घटना के बाद से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला की कुर्सी पर खतरा मंडराया हुआ है। भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल इस प्रकरण से खासे नाराज थे, लेकिन मुख्यमंत्री के आशीर्वाद के कारण बराला पद पर बने हुए हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाना शुरू कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पद की लाबिंग के बीच बुधवार को सोशल मीडिया पर खबर आई कि लाडवा के विधायक डा. पवन सैनी अध्यक्ष बन गए। पूछने पर उन्होंने कहा कि उनके फेसबुक अकाउंट पर जो जानकारी है, वह तब की है, जब वे भाजपा चिकित्सक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष थे।
  • भाजपा विधायक संगठन का कार्यकर्ता होता है, संगठन का कार्यकर्ता ऐसा कभी नहीं कर सकता। ये किसी और व्यक्ति की शरारत हो सकती है। विधायक पवन सैनी ऐसा कर सकते हैं मैं नही मानता। -सुभाष बराला, प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा