Sunday, January 14, 2018

हरियाणा में डीजल अब तक का सबसे महंगा, Rs.62 लीटर के पार, पेट्रोल भी 72 रु. के करीब पहुंचा

साभार: भास्कर समाचार
पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार को हरियाणा में पेट्रोल का भाव 71.85 और डीजल 62.46 रुपए प्रति लीटर हो गया। डीजल का यह रेट अब तक का सर्वाधिक है। तेल कंपनियां इसके लिए कच्चे तेल की
बढ़ी कीमतों का हवाला दे रही हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल 69.87 डॉलर प्रति बैरल है। विशेषज्ञों का कहना है कि जून 2014 में कच्चे तेल की कीमतें 108 डॉलर प्रति बैरल थीं। तब भी डीजल करीब 57 रुपए लीटर था। अब कच्चे तेल की कीमतों में काफी कमी आने के बावजूद डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ रही हैं। ऐसा केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकार द्वारा वैट अधिक वसूलने के कारण हो रहा है। 
69.87 डॉलर प्रति बैरल है अभी क्रूड ऑयल, जून 2014 में था 108 डॉलर प्रति बैरल 
केंद्र सरकार की कमाई पेट्रोल पर 105% और डीजल पर 330% बढ़ी: मोदी सरकार आने के बाद कच्चे तेल की कीमतें कम हुई हैं। जून 2014 के मुकाबले अभी यह करीब 35.30 प्रतिशत सस्ता है। पर सरकार एक्साइज ड्यूटी 11 बार बढ़ाकर अपने खाते में 330.61% तक फायदा डाल रही है।