Friday, January 12, 2018

मंदिर से बड़ी लूट: बाघेश्वरी धाम में महंत को पीट कर डकैत ले गए एक करोड़ का सामान

साभार: जागरण समाचार 
बाघेश्वरी धाम मंदिर में बुधवार रात बाइक व गाड़ी से आए 10 हथियारबंद बदमाशों ने महंत व अन्य साधुओं को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा। इसके बाद बदमाश धाम से सोने के सवा किलो वजनी नाग, चांदी के छत्र सहित
करीब एक करोड़ रुपये का सामान लूटकर ले गए। पुजारी ने एक तख्त के नीचे छिपकर जान बचाई और पुलिस को सूचित किया। घायल महंत रोशनपुरी को महेंद्रगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाघोत गांव स्थित दक्षिणी हरियाणा के सबसे बड़े शिवालय बाघेश्वरी धाम में बुधवार देर रात करीब एक बजे हथियारों से लैस 10 बदमाश छत के ऊपर बने दरवाजों से घुस गए। डकैतों ने महंत रोशनपुरी को उनके कमरे में ही पकड़ लिया और रस्सियों से बांधने के बाद खूब पीटा। मंदिर परिसर में सो रहे एक ग्रामीण रामभज को भी बदमाशों ने पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। महंत के पास वाले कमरे में सो रहे दो अन्य संतों विजयगिरी एवं भजनदास को भी रस्सियों से बांधकर कमरे में डाल दिया। शोर सुनकर पुजारी राजकुमार एक तख्त के नीचे छिप गया। इसके बाद बदमाशों ने मंदिर परिसर में मौजूद अलमारी से नकदी एवं सोने-चांदी का सामान लूटने के बाद वहां मौजूद सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले।  
पुजारी का फोन किसी ने पिक नहीं किया: पुजारी राजकुमार ने बताया कि वह तख्त के नीचे छिपने के बाद बार-बार 100 नंबर पर फोन करता रहा, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। सरपंच को भी फोन किया, उन्होंने भी नहीं उठाया। बाद में महिपाल नंबरदार से बात हुई। उन्होंने सरपंच विनोद कुमार को सूचित किया। सरपंच की सूचना पर थाना एसएचओ मलखान सिंह व डीएसपी विनोद कुमार बाघोत पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे एसपी कमलदीप गोयल भी बाघेश्वरी धाम पहुंच गए और साक्ष्य जुटाए।
उत्तर भारत का प्रसिद्ध धाम है बाघेश्वरी: दादरी सीमा के साथ लगता गांव बाघोत का बाघेश्वरी धाम उत्तर भारत के भगवान महादेव के बड़े मंदिरों में से एक है। यहां हर वर्ष महाशिवरात्रि व शिवरात्रि पर लाखों शिव भक्त कावंडिये हरिद्वार, गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लाकर शिवलिंग पर चढ़ाते हैं। यह मंदिर पिछले 250 वर्ष से जिला दादरी, महेंद्रगढ़, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर इत्यादि के ही नहीं बल्कि देश व प्रदेश के लाखों शिव भक्तों की आस्था, श्रद्धा का केंद्र रहा है।
आते ही पीटना शुरू कर दिया: महंत रोशनपुरी ने बताया कि बदमाशों ने आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और तिजोरी को खोलने का आदेश दिया। तिजोरी खोलते ही डकैतों ने उसमें रखा करीब सवा किलो सोने का नाग, चार चांदी के छत्र लूट लिए।