Thursday, October 5, 2017

पाकिस्तान ने यूएन महासभा में फिर छेड़ा कश्मीर राग, कहा- भारत कर रहा मानवाधिकारों का उल्लंघन

साभार: भास्कर समाचार
पाकिस्तान ने यूएन महासभा में एक बार फिर कश्मीर राग अलापा है। यूएन में पाकिस्तान की दूत एवं स्थाई प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने भारत पर कश्मीर में आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यूएन को
कश्मीर में भारत की गतिविधियों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर में अकेला आतंकवाद भारत सरकार का फैलाया आतंकवाद ही है। वहीं भारत ने पाकिस्तान के झूठ का करारा जवाब देते हुए कहा कि पड़ोसी देश का ऐसा कहना 'जंगल में अकेली आवाज' होने जैसा है। पाकिस्तान अनावश्यक रूप से कश्मीर को मुद्दा बनाए रखना चाहता था। 
सर्जिकल स्ट्राइक की अफवाह फैलाने का आरोप: मलीहा लोधी ने आरोप लगाया कि भारत ने नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक करने की अफवाह फैलाई है। इस दावे के साथ भारत बार-बार सीमा पार से सर्जिकल स्ट्राइक करने की धमकी दे रहा है। इससे यूएन चार्टर का उल्लंघन होता है। लोधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान के खिलाफ उकसावे की कार्रवाई करने से भारत को रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद खत्म करने के नाम पर कश्मीर में मानवता के खिलाफ अपराध नहीं करने दिया जा सकता है।