Monday, October 23, 2017

भारत ने मलेशिया को हराकर 10 साल बाद फिर जीता एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट

साभार: भास्कर समाचार
भारत ने अंतिम मिनटों में उतार चढ़ाव भरे पलों से गुजरते हुए मलेशिया को 2-1 से हराकर तीसरी बार एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का बादशाह बनने का गौरव हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने 10 साल बार यह खिताब
जीता है। भारत ने मैच में 2-0 की बढ़त बना ली थी लेकिन पहली बार फाइनल खेल रहे मलेशिया ने 50वें मिनट में गोल कर मैच को रोमांचक बना दिया। मैन इन ब्लू को अंतिम पांच मिनट में मलेशिया को रोकने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ गया। भारत अब सबसे अधिक बार एशिया कप जीतने के मामले में पाकिस्तान के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पाकिस्तान ने भी तीन बार खिताब जीता है। चार खिताब के साथ दक्षिण कोरिया अब भी नंबर एक पर है। 
भारत ने इससे पहले 2003 में कुआलालम्पुर में और 2007 में चेन्नई में एशिया कप के खिताब जीते थे। भारत को इसके 10 साल बाद जाकर एशिया कप में खिताबी जीत हाथ लगी। भारत के लिए रमनदीप सिंह ने तीसरे और ललित उपाध्याय ने 29वें मिनट में गोल किए। मलेशिया का एकमात्र गोल शहरील सबा ने 50वें मिनट में किया। इससे पहले पाकिस्तान ने कोरिया को 6-3 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। कोरिया चौथे, जापान पांचवें, बांग्लादेश छठे, चीन सातवें और ओमान आठवें स्थान पर रहा। भारत 2013 में हुए पिछले संस्करण में कोरिया से 3-4 से हारकर उपविजेता रहा था।