Sunday, October 29, 2017

अमेरिकी थिंकटैंक का दावा: कोरिया क्षेत्र में युद्ध हुआ तो होगी भारी त्रासदी, परमाणु बम के बिना ही मारे जाएंगे लाखों लोग

साभार: भास्कर समाचार
उत्तर कोरिया से युद्ध हुआ तो परमाणु हथियारों के बिना भी लाखों लोग मारे जाएंगे। इस युद्ध के छिड़ने पर पहले ही दिन तीन लाख लोग मारे जा सकते हैं। युद्ध होने से कोरियाई द्वीप में 2.50 करोड़ लाेग प्रभावित होंगे। इसमें
एक लाख अमेरिकी भी संकट में होंगे। यह दावा अमेरिकी कांग्रेस के थिंकटैंक कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की रिपोर्ट में किया गया है। 62 पेज की यह रिपोर्ट अमेरिकी सांसदों को भेजी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर कोरिया पारंपरिक हथियारों का ही इस्तेमाल करे तो युद्ध के पहले दिन ही 30 हजार से तीन लाख लोग तक मारे जाएंगे। रिपोर्ट के आकलन के आधार पर मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि पहले ही दिन तीन लाख लोग मारे जा सकते हैं। 
अमेरिका के लिए भी होगा घातक: थिंक टैंक की रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर कोरिया के पास 10 हजार राउंड प्रति सेकंड की रफ्तार से फायरिंग की क्षमता है। जंग का ऐलान हुआ तो इसमें चीन, जापान और रूस की भी सेनाएं कूद सकती हैं। अमेरिका के लिए यह युद्ध नुकसानदेह साबित हो सकता है। युद्ध लड़ने के लिए कोरियाई द्वीप में बड़ी संख्या में अमेरिकी सेना जुटेगी। ऐसे में सेना को काफी ज्यादा मिलिटरी नुकसान हो सकता है। 
संभावित परमाणु हमले पर होगी बड़ी सैन्य कार्रवाई: अमेरिका केरक्षा मंत्री जेम्स मैटिस ने शनिवार को चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तरी कोरिया द्वारा अमेरिका या उसके सहयोगियों पर किसी भी संभावित परमाणु हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और उसे 'व्यापक सैन्य कार्रवाई' से असफल कर दिया जाएगा। एक रिपोर्ट के अनुसार पेंटागन प्रमुख ने अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष सोंग युंग-मू के साथ वार्ता के बाद बताया कि उत्तरी कोरिया ने अनावश्यक परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों के साथ क्षेत्र में खतरा की स्थिति बढ़ा दी है। रक्षा मंत्री ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 49वीं वार्षिक सुरक्षा सलाहकार बैठक (एससीएम) के समापन के बाद यह टिप्पणी की। 
अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा है कि उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए अमेरिका उसके खिलाफ आर्थिक और कूटनीतिक दबाव बनाए रखेगा। अमेरिका के प्रमुख परमाणु हथियार केंद्रों में से एक मिनोट वायुसेना अड्‌डे पर सेना के बीच पेंस ने यह बात कही। पेंस ने कहा, "दुनिया में शांति स्थापित करने के लिए अमेरिकी परमाणु शस्त्रों से बड़ी दूसरी कोई ताकत नहीं है। 
आपसी तनाव के बीच उत्तर कोरिया ने अपनी समुद्री जल सीमा में पकड़े गए दक्षिण कोरिया के 10 मछुआरों को रिहा करने के साथ ही उनकी नाव वापस दे दी। इनमें तीन वियतनाम के हैं। उत्तर कोरिया की मीडिया ने कहा कि यह फैसला मानवीय आधार पर किया गया।