Saturday, November 11, 2017

हरियाणा को शर्मसार करने वाली रिपोर्ट: नाबालिग लड़कियाें से ज्यादती के मामले में 97% लोग परिचित या रिश्तेदार

साभार: भास्कर समाचार
हरियाणा में नाबालिग बेटियों से ज्यादती के मामले बढ़ रहे हैं। शर्मसार करने वाली बात यह है कि इन बेटियों से ज्यादती करने वालों में परिवार के परिचित, रिश्तेदार या कोई बहुत ही करीबी हैं। जो घर में अकसर आते जाते
रहते हैं। घर में बाते करते हैं, माता-पिता के सामने बड़े हितैषी बनते हैं पर बेटियों पर बुरी नजर रखते हैं। हद तो यह है कि ऐसे लोग छोटी-छोटी बच्चियों से भी हैवानियत कर बैठते हैं। यह खुलासा हाल ही में आई महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के प्लान इंडिया द्वारा जारी जीवीआई (जेंडर वलनरेबिलिटी इंडेक्स) रिपोर्ट में हुआ है। 
रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा में नाबालिग लड़कियों के साथ आए दिन हो रही दुष्कर्म और छेड़खानी की घटनाओं में 97.8 प्रतिशत लोग परिचित और रिश्तेदार ही निकले। रिपोर्ट में बताया गया है कि घर आने जाने वाले ये लोग छोटी बच्चियों से चॉकलेट अथवा कोई अन्य चीज देने के बहाने छेड़छाड़ करते हैं। बड़ी बच्चियों का कोई आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अथवा परिजनों से किसी प्रकार की शिकायत करने का दबाव डालकर शोषण करते हैं। कई बार शर्म के कारण बच्चे और परिजन समाज के डर से इसकी शिकायत तक नहीं करते। कई मामलों में शिक्षक ही छेड़छाड़ अथवा दुष्कर्म की हरकत करते हैं। 

महिला सुरक्षा में प्रदेश 21वें नंबरपर: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्लान इंडिया की जीवीआई रिपोर्ट में देश के 30 राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा गरीबी की स्थिति के बारे में भी बताया गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 32 प्रतिशत महिलाएं घरेलू हिंसा की शिकार होती हैं। 18.5% लड़कियों की 18 वर्ष से पहले ही शादी कर दी जाती है। 
लड़कियों की शिक्षा की स्थिति भी चिंताजनक:
  • प्रदेश में 65 प्रतिशत लड़कियां 10 वर्ष या इससे अधिक शिक्षा प्राप्त ही नहीं कर पाती। 
  • प्रदेश में 46 प्रतिशत महिलाएं पढ़ी-लिखी हैं, जबकि देश में 10 में से 7 महिलाएं पढ़ी लिखी हैं। 
  • प्रदेश में सिर्फ 82.3 प्रतिशत स्कूलों में लड़कियों के लिए शौचालय प्रयोग करने योग्य हैं। 

3 घटनाएं जो बताती हैं हालात:
  1. जीजा ने ही नाबालिग साली के साथ किया दुष्कर्म: एक माह पूर्व अग्रोहा के एक गांव में रहने वाला व्यक्ति थाने में पहुंचा। पीड़ित ने पुलिस को बताया वह मिस्त्री के काम के लिए गया था। लौटकर आया तो उसकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं थी। इस दौरान उसका दामाद घर आया हुआ था। इसलिए उसे शंका है कि उसकी बेटी को वही बहला-फुसलाकर ले गया। उसी ने कहीं बेटी को छुपा रखा है। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान नाबालिग को बरामद कर आरोपी को काबू कर लिया था।पुलिस ने मेडिकल के बाद पाया कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। आरोपी पर मुकदमा चला। अदालत ने गवाहों के बयानों और साक्ष्यों का गहनता से अध्ययन करने के बाद आरोपी जीजा को नाबालिग से दुष्कर्म का दोषी करार दिया। 
  2. 3 साल की बच्ची से पिता के दोस्तों ने की हैवानियत: 8 दिन पूर्व पानीपत में दूध पी रही 3 साल की बच्ची को मां की गोद से उठाकर हैवानियत की गई। घटना को बच्ची के पिता के शराबी दोस्तों ने ही अंजाम दिया। नूरवाला रोड पर लेबर क्वार्टर में रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया था कि उसका पति पास में ही फैक्टरी में काम करता है। धर्मेंद्र नाम का व्यक्ति पहले पड़ोस में रहता था। रविवार को करीब ढाई बजे वह बेटी को दूध पिला रही थी, तभी धर्मेंद्र अाया और बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने ले गया। करीब आधे घंटे तक वह बच्ची को लेकर नहीं आया तो वह फैक्टरी के पास देखने गई। वहां रोने की आवाज सुनाई दी। वह नजदीक गई तो दोनों आरोपी बच्ची को छोड़कर भाग गए। बच्ची खून से लथपथ थी। बाद में पुलिस ने आरोपियों पर पोक्सो एक्ट धारा 452 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 
  3. 4 साल की बच्ची से पड़ोसी ने किया था दुष्कर्म: 17 सितंबर को पानीपत के बलजीत नगर से 4 साल की एक बच्ची लापता हो गई। पड़ोसी ने ही दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। एएसआई ने तलाशने के लिए 10 हजार रुपए मांगे। 6 दिन बाद बच्ची का शव कुंए में मिला। शराबियों ने बच्ची को नोंच डाला था।