Sunday, November 5, 2017

2022 तक रखी जाएगी भ्रष्टाचार, आतंकवाद और गरीबी मुक्त भारत की नींव - नीति आयोग

साभार: भास्कर समाचार
2022 में जब भारत आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाएगा, तब तक देश को गरीबी सहित छह समस्याओं से मुक्त बनाने की नींव रखी जा चुकी होगी। बाकी समस्याओं में गंदगी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद,
जातिवाद और सांप्रदायिकता शामिल हैं। यह बात नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने शनिवार को कही। हालांकि, आयोग की वेबसाइट पर मौजूद प्रेजेंटेशन में कहा गया है कि 2022 तक भारत को गरीबी सहित इन 6 समस्याओं से मुक्ति दिला देंगे। 12 अक्टूबर को दिल्ली में राज्यपालों के सम्मेलन में दिए प्रेजेंटेशन में साफ नहीं है कि आयोग 2022 तक इन समस्याओं से मुक्ति की नींव रखने की बात कर रहा है या तब तक ये समस्याएं खत्म होने का दावा किया गया है। शनिवार को राजीव कुमार से बात की तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए 2022 तक नींव रखी जा चुकी होगी। प्रेजेंटेशन में कहा गया है कि 500 से ज्यादा आबादी वाले सभी गांव 2019 तक सड़कों से जोड़ दिए जाएंगे। 2022 तक भारत में उच्चतर शिक्षा के 20 विश्वस्तरीय संस्थान होंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिए गए गांव भी 2022 तक आदर्श गांव का दर्जा हासिल कर लेंगे।