Saturday, November 11, 2017

प्रदूषण रोकने के सौ उपाय बताए, पर हमेशा Odd-Even चुना; असर साबित करो तभी लागू करने देंगे - NGT

साभार: भास्कर समाचार
ऑड-ईवन लागू करने के फैसले पर एनजीटी ने दिल्ली सरकार को फटकार लगाई। एनजीटी ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट और हमने सौ उपाय बताए हैं पर सरकार ने हमेशा अॉड-ईवन ही चुना। इस
फैसले के अमल पर रोक की चेतावनी देते हुए एनजीटी ने सरकार से शनिवार सुबह तक ऐसा डेटा मांगा है, जो साबित करे कि ऑड-ईवन से प्रदूषण घटता है। 
एनजीटी के अध्यक्ष जस्टिस (रि.) स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता वाली बेंच ने शुक्रवार को सुबह और दोपहर में दो बार सुनवाई की। इस दौरान कहा कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार पिछली बार यह योजना ज्यादा कारगर नहीं रही। सुप्रीम कोर्ट ने कभी इसे लागू करने को नहीं कहा। सरकार ने पिछले एक साल में कुछ नहीं किया। जब स्थिति में सुधार हो रहा है, तब यह योजना लागू कर रहे हैं। इससे लोगों को दिक्कतें होंगी। आप इसे ऐसे लागू नहीं कर सकते। गारंटी दें कि ऑड-ईवन नुकसानदेह नहीं है। संतुष्ट नहीं कर पाए तो इसे लागू नहीं होने देंगे। एनजीटी शनिवार को भी सुनवाई जारी रखेगा। दिल्ली सरकार ने 13 से 17 नवंबर तक प्राइवेट गाड़ियों के लिए ऑड-ईवन योजना शुरू करने की घोषणा की है। 

दिल्ली सरकार ने ऑड-ईवन योजना के दौरान डीटीसी की बसों में मुफ्त सफर की घोषणा की है। दिल्ली में ऑड-ईवन में बसों में मुफ्त सफरशुक्रवार को भी स्मॉग के कारण पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) का स्तर सामान्य से 9 गुना ज्यादा तक रहा। 
दोपहिया वाहनों पर छूट क्यों: डीजल और पेट्रोल वाहनों के प्रदूषण की तुलनात्मक रिपोर्ट मांगी है। आईआईटी कानपुर की रिपोर्ट के अनुसार 46% प्रदूषण दोपहिया वाहनों से होता है। ऐसे में दोपहिया वाहनों महिला चालकों को ऑड-ईवन से छूट देने की वजह भी एनजीटी ने पूछी है। 
अफगानिस्तान और सऊदी अरब के रेतीले तूफान ने भी बढ़ाया स्मॉग का संकट: दिल्ली-एनसीआर में फैले जहरीले स्मॉग के लिए पराली व वाहनों के धुएं के साथ अफगानिस्तान सऊदी अरब में पिछले दिनों आया रेतीला तूफान भी जिम्मेदार है। तापमान में आई गिरावट और बढ़ी नमी ने इसमें इजाफा किया। यह जानकारी मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार शाम दिल्ली में पर्यावरण मंत्रालय द्वारा बुलाई आपातकालीन बैठक में दी। हरियाणा के पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल के अनुसार मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मौसम में सुधार आया है। एक-दो दिन में और सुधार की संभावना है। बैठक में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी और राजस्थान के पर्यावरण मंत्रालयों के अधिकारी भी मौजूद थे। 
कल से बदल सकता है माैसम, 14-15 को बारिश के आसार: हरियाणा में रात का पारा 11.2 डिग्री पर गया है। शुक्रवार सुबह धुंध के कारण दृश्यता 10 मीटर तक रही। हालांकि, 8 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चलने के कारण यह जल्दी छंट गई। 5 दिन बाद धूप निकली। सूर्य की चमक साढ़े पांच घंटे रही। दिन का पारा 28 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार 12 नवंबर से मौसम बदल सकता है। 13 को पश्चिमी विक्षोभ रहा है। 14-15 को बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी संभावना है।