साभार: जागरण समाचार
भिवानी शहर की बेटी ने देश का मान बढ़ाते हुए एक और उपलब्धि हासिल की है। अर्जेटीना में बतौर वैज्ञानिक काम कर रही विभा भारद्वाज को वहां की सरकार ने सीनेट (सीनेडो) का सदस्य मनोनीत किया है। विभा की
इस सफलता पर भिवानी में खुशी का माहौल है। अर्जेटीना जाने से पूर्व विभा सीएसएसआरआइ (केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान) में बतौर वैज्ञानिक कार्यरत थीं। बतौर वैज्ञानिक अर्जेटीना में झंडे गाड़ चुकी विभा के नाम कई उपलब्धियां हैं। उन्होंने अर्जेटीना के रेडियो स्टेशन पर स्पेनिश भाषा में विश्व शांति एवं पर्यावरण विषय पर भाषण दिया था। 52 मिनट के इस भाषण को वहां की सरकार ने भी सराहा था। विभा अगस्त 2016 में अर्जेटीना गई थीं। अर्जेटीना में जाकर विभा ने ब्रेस्ट कैंसर की दवा ईजाद करने में भी सफलता हासिल की।
अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाती हैं विभा की पुस्तकें: विभा ने 2004 में देहरादून से माइक्रोबायोलॉजी में स्नातक, 2008 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और 2015 में माइक्रोबायोलॉजी में ही पीएचडी की। साथ ही करनाल के दयाल सिंह कॉलेज में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर सेवाएं दी। अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में उनके द्वारा लिखित पुस्तकें बतौर सिलेबस पढ़ाई जाती है। इसके अलावा विभा थर्माकोल की वस्तुओं के प्रयोग से मानव शरीर पर होने वाले दुष्प्रभाव, पानी, एंटी कैंसर ड्रग, बायोडायवर्सिटी पर भी शोध कर चुकी हैं।
पिता वेदपुजारी बोले,मुङो बेटी पर गर्व: विभा के पिता वेदपुजारी ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है कि वह अर्जेटीना जैसे देश में सीनेट सदस्य मनोनीत की गई है। उन्होंने बताया कि विभा ने ऐसी तकनीक भी ईजाद की है, जिससे गंगा को स्वच्छ किया जा सकता है। इसके लिए विभा ने पीएम को ई-मेल भी की हैं। हालांकि पीएमओ की ओर से विभा से तकनीक मांगी गई, लेकिन विभा ने इनकार कर दिया।
ब्राजील की संसद ने भी दिया न्योता: वेदपुजारी ने बताया कि विभा को ब्राजील की संसद की ओर से भी न्यौता मिला है। ब्राजील की संसद ने उसे 2 दिसंबर को संसद को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया है।
पांच भाई-बहनों में दूसरा नंबर: विभा भारद्वाज पांच भाई-बहन हैं। सबसे बड़ी रीटा भारद्वाज गुरुग्राम में प्रोफेसर हैं। दूसरे नाम पर विभा है। तीसरे नंबर प्रेरणा भारद्वाज न्यूजीलैंड में इंटीरियर डिजाइनर हैं। क्षमा भारद्वाज हाई कोर्ट में बतौर अधिवक्ता प्रैक्टिस कर रही हैं। भाई अश्वनी भारद्वाज बीटेक हैं और आइएएस की तैयारी कर रहा है।