Monday, November 20, 2017

समझौते के दावों के साढ़े 4 घंटे बाद ही कांग्रेस हार्दिक के संगठन में फूट, सूरत में कांग्रेस के दफ्तर में तोड़फोड़

साभार: भास्कर समाचार
गुजरात में लंबे समय से समझौते की कोशिशों में जुटे कांग्रेस और हार्दिक पटेल के संगठन में रविवार देर रात फूट पड़ गई। शाम करीब पौने सात बजे कांग्रेस और हार्दिक के पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पास) के
सदस्यों ने समझौते का दावा किया था। पर रात पौने 11 बजे कांग्रेस के 77 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में दो पास नेताओं का नाम आते ही पास कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कई जगह कांग्रेस का विरोध शुरू कर दिया। कांग्रेस ने हार्दिक के दो साथियों ललित वसोया और अमित पटेल को टिकट दी है। पास संयोजक दिनेश बांभणिया ने कहा कि कांग्रेस ने भरोसे में लिए बिना उन्हें टिकट दिया है। कांग्रेस और पास नेता चुनाव लड़ेंगे तो उनका भी विरोध करेंगे। इसी बीच, पास कार्यकर्ताओं ने सूरत और भावनगर में कांग्रेस दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष भरत सोलंकी के घर के सामने भी बड़ी संख्या में पास कार्यकर्ता जमा हो गए। यहीं से बांभणिया को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, अहमदाबाद में कांग्रेस पदाधिकारियों ने दफ्तर खाली कर दिया। आसपास पुलिस तैनात है। 
पहली सूची में 77 उम्मीदवारों में से 23 सीटों पर पटेल उतारे: कांग्रेस की पहली लिस्ट में 77 उम्मीदवारों में से 23 पटेल समुदाय से हैं। 12 उम्मीदवार कोली, आठ ओबीसी और सात दलित समुदाय से हैं। 14 सीटों पर पिछली बार लड़े उम्मीदवारों को ही टिकट दी गई है। शक्तिसिंह गोहिल को कच्छ की मांडवी सीट से टिकट दिया है। कांग्रेस सत्तारूढ़ होने की स्थिति में गोहिल मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार होंगे।