Thursday, December 28, 2017

नहीं होगा चक्का जाम: बेङिाझक सफर पर निकले जारी रहेगी रोडवेज सेवा

साभार: जागरण समाचार 
हरियाणा के परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार के साथ बुधवार को रोडवेज कर्मचारियों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी की बैठक के बाद बृहस्पतिवार को प्रस्तावित चक्का जाम टाल दिया गया है। बैठक में कई मांगों पर सहमति
बनने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ले ली। 
रोडवेज कर्मचारियों की कुल आठ यूनियनों में से पांच ने ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले बृहस्पतिवार को रोडवेज बसों का चक्का जाम करने की पूरी तैयारी कर रखी थी। कर्मचारियों के तेवर देख सरकार ने बुधवार दोपहर ढाई बजे चंडीगढ़ में यूनियन पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। वार्ता की टेबल पर परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार के साथ परिवहन आयुक्त विकास गुप्ता, अतिरिक्त महानिदेशक वीरेंद्र दहिया, डीटीसी सतीश रूहिल, डीटीसी तकनीकी एसके परमार और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त समर्थ सिंह बैठे। वहीं, तालमेल कमेटी की ओर से दलबीर किरमारा, हरिनारायण शर्मा, बलवान सिंह दोदवा, रमेश सैनी, आजाद सिंह गिल, बाबू लाल यादव, जयभगवान कादियान, विजय अहलावत, रमेश सैनी, नसीब जाखड़, विजय, रामकुमार वर्मा और सतीश मकड़ौली ने कर्मचारियों की मांगों को उठाया। 
कर्मचारी नेताओं ने बैठक के दौरान रोडवेज कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने पर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए समझौतों को लागू न कर उन्हें बार-बार हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। रोडवेज कर्मचारी बसों का संचालन बंद कर जनता को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन उनके पास कोई चारा भी नहीं। इस पर परिवहन मंत्री ने कहा कि उनकी सभी जायज मांगों को पूरा किया जा रहा है।
समझौते के खास बिंदु:
  • अंतरराज्यीय रूटों पर बंद नहीं होंगी बसें। पहले की तरह दूसरे राज्यों के लिए बरकरार रहेगी रोडवेज बस सेवा।
  • विभिन्न समय पर भर्ती कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर होंगी। अतिरिक्त महानिदेशक वीरेंद्र दहिया की कमेटी दो महीने में सुलझाएगी सारे मसले। कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से मिलेगा लाभ।
  • पिछले साल भर्ती 365 चालकों को वेतन में 15 हजार की जगह मिलेंगे साढ़े सत्ताइस हजार रुपये।
  • एक साल का बोनस देगी सरकार। चार दिन में तैयार किया जाएगा बोनस पॉलिसी का ड्रॉफ्ट।
  • सभी कैटेगरी की पदोन्नतियों में लगाई गई नई शर्ते हटाईं।
  • चरखी दादरी डिपो से हटाए गए 52 कर्मचारियों को दूसरे डिपो में किया जाएगा समायोजित।
  • चालक-परिचालकों सहित पूरे स्टाफ को दिए जाएंगे राजपत्रित अवकाश।