Monday, December 25, 2017

हिमाचल में जय-राम राज: शिमला के रिज मैदान पर 27 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे जयराम

साभार: जागरण समाचार 
हिमाचल विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के बावजूद मुख्यमंत्री पद पर भाजपा में जारी ऊहापोह रविवार को दूर हो गई। शिमला में केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र तोमर और निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में मंडी जिले के
सिराज हलके के विधायक जयराम ठाकुर को विधायक दल का नेता चुना गया। वह हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। वह 27 दिसंबर को रिज मैदान पर आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अतिरिक्त भाजपा शासित 18 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। 
राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में रविवार को दोपहर डेढ़ बजे भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में वरिष्ठ नेता जयराम ठाकुर को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने पेश किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और सांसद शांता कुमार ने इसका समर्थन किया। इस प्रस्ताव को सभी भाजपा विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल का नाम भी शामिल रहा, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने जयराम ठाकुर को ही तवज्जो दी।
मंडी के रास्ते सीएम की कुर्सी: मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने 17 में से 14 सीटों पर परचम लहराया है, यही वजह है कि इसी क्षेत्र से सीएम चुना गया।
  • प्रदेश में भाजपा को सत्ता में लाने का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ-साथ भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को जाता है। उत्तर भारत में हिमाचल भी कांग्रेस के शासन से मुक्त हो गया है। मैं इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का धन्यवाद करता हूं। - जयराम ठाकुर, विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद संबोधन
  • जो मैंने कांग्रेस में रहते हुए भुगता था उसके बाद मेरे दिल में ऐसी आग जल रही थी जो अब जाकर शांत हुई। इस जीत में मेरा और मंडी जिला का योगदान रहा है। मैं जयराम को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देता हूं। - पंडित सुखराम, पूर्व केंद्रीय मंत्री