Thursday, December 28, 2017

केंद्रीय मंत्री हेगड़े के विवादित बयान पर संसद में कांग्रेसियों का हंगामा,भाजपा सरकार बयान से असहमत

साभार: जागरण समाचार 
कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीति गरमाने लगी है। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस संसद में हमलावर हो गई। संसद के दोनों सदनों में बुधवार को कई बार
कार्यवाही रोकनी पड़ी। कर्नाटक से ही कांग्रेस के सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर जहां हमला बोला, वहीं कांग्रेसी सांसदों ने सदन में जबर्दस्त नारेबाजी शुरू कर दी। राज्यसभा में भी यही स्थिति रही। सरकार ने हेगड़े के बयान से पल्ला झाड़ लिया है। इसके जवाब में हेगड़े ने अपने एक बयान में कहा ‘मैं सिर्फ यह कहना चाहता हूं कि मोदी जी और हमारी सरकार देश के संविधान और बाबा साहेब के आदर्शो को लेकर प्रतिबद्ध है।’ लेकिन कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने विवादित बयान देने वाले मंत्री को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े रहे। इससे दोनों सदनों में नारेबाजी और शोर शराबा होता रहा। लोकसभा में सुबह कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मामले को उठाया और कांग्रेसी सदस्य वेल में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। इसके चलते सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। राज्यसभा में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने शून्यकाल समेत सदन की कार्यवाही रोक कर इस मसले पर चर्चा शुरू कराने का नोटिस दिया था। चर्चा की अनुमति नहीं दी गई।