साभार: जागरण समाचार
हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। छह लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी तय हैं, लेकिन चार सीटों पर बुरी तरह से पेंच फंसा हुआ है। केंद्रीय चुनाव
समिति की बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में सभी सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा होगी। आम सहमति बनी तो उसी दिन अन्यथा शुक्रवार को टिकटों का ऐलान हो सकता है।
करनाल और सोनीपत से तीन बार सांसद रह चुके डा. अरविंद शर्मा की कांग्रेस में घर वापसी पर भी संशय के बादल छाए हुए हैं। अरविंद शर्मा हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे और करनाल व रोहतक से टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल थे। भाजपा ने उन्हें करनाल से टिकट नहीं दिया, जिस कारण शर्मा के पिछले कई दिनों से कांग्रेस दिग्गजों के संपर्क में होने की खबरें आ रही हैं। उनकी कांग्रेस में एंट्री को लेकर पार्टी में दो खेमे बन गए हैं। एक खेमा यह कहते हुए उनकी एंट्री चाहता है कि अरविंद के आने से करनाल और सोनीपत की लोकसभा सीटों पर असर पड़ेगा, जबकि दूसरा खेमा उनकी राजनीतिक निष्ठा पर सवाल उठाते हुए एंट्री का विरोध कर रहा है। संभावित विरोध को देखते हुए अरविंद शर्मा रोहतक में भाजपा का टिकट पाने की कोशिश में भी जुटे हुए हैं, जबकि उन्होंने कांग्रेस में अपनी एंट्री के प्रयास भी एकाएक बढ़ा दिए हैं। हिसार में कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई के टिकट को लेकर फंसा पेंच अब निकलता नजर आ रहा है। कुछ कांग्रेस नेताओं ने इसमें अड़चन पैदा करने की कोशिश की। मगर कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद और राष्ट्रीय महासचिव को इसके लिए मनाने में कामयाब हो गए हैं। कांग्रेस के कुछ बड़े नेता चाहते हैं कि गैर जाट कुलदीप बिश्नोई के खुद लड़ने से पार्टी को ज्यादा फायदा होगा, लेकिन कुलदीप बेटे भव्य के लिए अड़े हुए हैं। कांग्रेस में अंबाला से कु. सैलजा, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल, सिरसा से डा. अशोक तंवर, रोहतक से दीपेंद्र सिंह हुड्डा और भिवानी-महेंद्रगढ़ में श्रुति चौधरी के टिकट तय हैं। इन नामों की औपचारिक घोषणा बाकी है। सोनीपत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के चुनाव लड़ाने का दावा किया जा रहा है। हुड्डा के खुद चुनाव लड़ने की संभावना कम है। यहां कुलदीप शर्मा, जगबीर मलिक, देवराज दीवान, शादीलाल बत्र और अनिल ठक्कर के नाम चर्चा में हैं। भूपेंद्र हुड्डा यदि सोनीपत में चुनाव लड़ते हैं तो करनाल में कुलदीप शर्मा, मराठा वीरेंद्र वर्मा, मनोज वधवा और युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।
- बृहस्पतिवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है। इसमें हरियाणा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष के नाते मैं, प्रभारी गुलाम नबी आजाद तथा विधायक दल की नेता किरण चौधरी शामिल होंगे। पैनल तैयार हैं। सभी पर बैठक में चर्चा होगी। उसके बाद या तो उसी दिन अथवा अगले दिन प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। - अशोक तंवर, अध्यक्ष, हरियाणा कांग्रेस