Wednesday, June 5, 2019

लापता विमान की खोज में नौसेना और ISRO भी जुटे

साभार: जागरण समाचार  
भारतीय वायुसेना के एएन-32 विमान के लापता होने के कई घंटे बीत जाने के बावजूद उसका कुछ पता नहीं लग सका है। रूस निर्मित इस विमान का पता लगाने के लिए मंगलवार को बड़ा खोजी अभियान चलाया गया।
इसमें वायुसेना और सेना की सभी एजेंसियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अब इस अभियान में नौसेना के लंबी दूरी की क्षमता वाला सर्विलांस एयरक्राफ्ट और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सैटेलाइट को भी शामिल किया गया है।
वायुसेना का एएन-32 विमान सोमवार दोपहर अरुणाचल प्रदेश के घने जंगलों वाले इलाके मेंचुका के पास लापता हो गया था। विमान ने असम के जोरहट से उड़ान भरी थी और इसके करीब 30 मिनट बाद ही लापता हो गया था। इसमें 13 लोग सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि विमान का पता लगाने के लिए विमानों और हेलीकॉप्टरों के एक बेड़े को लगाया गया है। क्षेत्र के पर्वतीय इलाके में तलाशी अभियान चलाने के लिए जवानों को भी तैनात किया गया है।
सर्च ऑपरेशन में तेजी लाते हुए मंगलवार दोपहर नौसेना ने एक अमेरिका निर्मित पी8आइ नौसैनिक समुद्री विमान सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा। इसने तमिलनाडु के नजदीक आइएनएस राजाली से उड़ान भरी। नौसेना प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा ने बताया कि यह विमान इसमें लगे इलेक्ट्रो ऑप्टिकल और इंफ्रारेड सेंसर से विमान की तलाश में मदद करेगा। वायुसेना ने सोमवार से ही लापता विमान का पता लगाने के लिए दो एमआइ-17 हेलीकॉप्टरों के साथ सुखोई-30, सी-130जे और एएन-32 विमानों को लगाया हुआ है।