Tuesday, June 4, 2019

अफसरशाही के शीर्ष पर फिर महिला केशनी आनंद होंगी नई हरियाणा की मुख्य सचिव

साभार: जागरण समाचार  
हरियाणा में अफसरशाही के शीर्ष पद पर एक बार फिर महिला आइएएस विराजमान होगी। साढ़े चार साल से मुख्य सचिव के रूप में सेवाएं दे रहे 1982 बैच के आइएएस दीपेंद्र सिंह ढेसी 30 जून को रिटायर हो रहे हैं।
परंपरा और नियमों के अनुसार दूसरे नंबर की वरिष्ठतम आइएएस केशनी आनंद अरोड़ा का नया मुख्य सचिव बनना तय है। 1983 बैच की अरोड़ा फिलहाल वित्तायुक्त और राजस्व एवं प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं।
केशनी आनंद अरोड़ा हरियाणा के इतिहास में पांचवीं महिला मुख्य सचिव होंगी। उनकी बड़ी बहन मीनाक्षी आनंद चौधरी को प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव होने का गौरव हासिल है जो बाद में मुख्य सूचना आयुक्त भी रहीं। प्रोमिला ईस्सर दूसरी महिला मुख्य सचिव बनी, जबकि केशनी आनंद अरोड़ा की ही बड़ी बहन उर्वशी गुलाटी तीसरी महिला मुख्य सचिव रहीं। सेवानिवृत्ति के बाद गुलाटी को राज्य सूचना आयुक्त बनाया गया था। इसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा की रिश्तेदार शकुंतला जाखू चौथी मुख्य सचिव बनी।
पहली जुलाई को मुख्य सचिव बनने जा रही केशनी आनंद अरोड़ा अगले साल 30 सितंबर को रिटायर होंगी। ऐसे में वह करीब सवा साल तक इस पद पर सेवाएं देंगी। वहीं, मौजूदा मुख्य सचिव डीएस ढेसी को सेवा का अधिकार आयोग में मुख्य आयुक्त लगाया जा सकता है। पूर्व मुख्य आयुक्त एससी चौधरी के रिटायर होने के बाद से ही यह पद रिक्त है।