Tuesday, June 4, 2019

भारत के कई शहरों में तापमान 50 पार, हरियाणा पंजाब में 8 जून तक मौसम बदलने से हल्की गिरावट संभव

साभार: जागरण समाचार  
भारत में गरमी विकराल रूप ले चुकी है। कई शहरों का अधिकतम तापमान 50 डिग्री के पास पहुंच चुका है। मौसम निगरानी वेबसाइट एल डोराडो की माने तो पिछले 24 घंटों के दौरान (रविवार और सोमवार के बीच)
दुनिया के 15 सबसे गरम शहरों में 11 भारत के रहे। शेष चार पाकिस्तान के। झुलसती गरमी का आलम यह है कि देश के आधे से अधिक हिस्से में लू चल रही है। सरकार ने गरमी से बचने के लिए कई तरह के दिशानिर्देश जारी किए हैं। राजस्थान के चुरु में तापमान से पिघल रही सड़कों को बचाने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। चुरु को थार रेगिस्तान का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। राजस्थान के बीकानेर और हरियाणा के गुरुग्राम में लू के चलते दो की मौत हो गई।  
प्री मानसून सूखा: भारत की मौसम विज्ञानी स्काइमेट वेबसाइट की मानें तो भारत में प्री मानसून का सीजन 31 मई को खत्म हो गया है। पिछले 65 सालों के दौरान यह सबसे कम बारिश वाला प्री मानसून रहा। इस दौरान 99 मिमी ही बारिश हुई, जबकि औसतन बारिश 131.5 मिमी होती है।
जागरण संवाददाता, हिसार: सोमवार को नौतपा का अंतिम दिन था मगर प्रदेश में पारा है कि थमने का नाम नहीं ले रहा। सिरसा के केहरवाला गांव में अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा शहर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 5 व 6 जून को उत्तरी हरियाणा व पंजाब के लगते क्षेत्रों में बादल छाने की संभावना है। इस दौरान हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, पश्चिमी व दक्षिणी हरियाणा में आंशिक बादल और धूल भरी हवाओं के साथ कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। इसके कारण 5 जून से 8 जून तक प्रदेश में तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।