Wednesday, June 5, 2019

बीरेंद्र सिंह ने साधा मनोहर सरकार पर निशाना

साभार: जागरण समाचार  
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्री पद से वंचित रहे बीरेंद्र सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के मुद्दे पर मनोहर लाल सरकार पर सीधा हमला किया है। बीरेंद्र सिंह ने
मंगलवार सुबह 11.35 बजे ट्वीट कर लिखा कि ‘हरियाणा में पिछले कुछ दिनों में यकायक बढ़ी आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय है। 
प्रशासन को कानून व्यवस्था पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने के अलावा, हमें सामाजिक तौर पर भी चिंतन की जरूरत है।’ पूर्व केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद हरियाणा की राजनीति में एकाएक हलचल शुरू हो गई। बाद में बीरेंद्र सिंह ने नई दिल्ली स्थित अपने निवास 22 अकबर रोड पर अपने ट्वीट को लेकर खुलकर चर्चा की। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार को महिला सुरक्षा के लिए उन अपराधियों से सख्ती से निपटना होगा जो दूसरे राज्यों में अपराध करके हरियाणा में छुपते हैं। उन्होंने राज्य में 870 से 914 पर पहुंचे लिंगानुपात पर संतोष जताते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की इसलिए बड़ी उपलब्धि है क्योंकि सरकार ने समाज को जागरूक किया था।
विस चुनाव में मोदी ही रहेंगे कैप्टन: बीरेंद्र सिंह ने खुद या उनके हिसार से सांसद बने बेटे बृजेंद्र सिंह को मंत्री न बनाए जाने पर सीधे तौर पर तो कोई टिप्पणी नहीं की, मगर यह जरूर कहा कि विधानसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही प्रदेश भाजपा के कैप्टन रहेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि एक फुटबाल मैदान में दो गोलकीपर नहीं होते। न ही क्रिकेट के मैदान में दो कप्तान होते हैं।