साभार: भास्कर समाचार
ब्लूव्हेल मोबाइल गेम खेलते हुए गुजरात में एक युवक के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक ने 31 अगस्त को साबरमती नदी में कूद कर जान दे दी। पीड़ित की पहचान मालण-पालनपुर-बनासकांठा
निवासी अशोक मुलाणा के रूप में हुई है। अंतिम कदम उठाने से पहले फेसबुक पर छोड़े वीडियो संदेश में अशोक ने ब्लू व्हेल गेम का शिकार होने की बात कही है। हालांकि, पुलिस युवक के ब्लू व्हेल गेम का शिकार होने की बात से इनकार कर रही है। मृतक अशोक के कैंसर रोगी होने की बात भी सामने रही है। अशोक के पिता परथीभाई और पत्नी की मौत हो चुकी है। वह चार बहनों का इकलौता भाई था। तीन महीने से नौकरी पर नहीं जा रहा था। साबरमती रिवरफ्रंट पश्चिम थाने के प्रभारी अधिकारी एजे भागोरा ने शनिवार को कहा कि यह सब पूरी तरह गलत है। अशोक ने बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाया है। उनके मामा उकाजी बनवातर ने बताया कि छह माह से वह अहमदाबाद सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आते थे। वह बीमारी के चलते अवसाद में रहते थे।