Thursday, April 4, 2019

PM मोदी व अमित शाह के साथ ही योगी और मनोज तिवारी करेंगे हरियाणा में भाजपा का प्रचार

साभार: जागरण समाचार 
लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा हर बिंदु पर रणनीति के साथ काम कर रही है। हरियाणा में चुनाव प्रचार में करीब 40 दिग्गज मैदान में उतरेंगे। इनमें 15 नाम हरियाणा से होंगे, शेष नाम केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। इनमें
केंद्रीय मंत्रियों, पड़ोसी राज्यों मुख्यमंत्री व दूसरे दिग्गज शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की सभी लोकसभा क्षेत्रों में एक-एक जनसभा कराने की योजना है।  इसके अलावा उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और फिल्‍म कलाकार व दिल्‍ली भाजपा अध्‍यक्ष मनोज तिवारी भी हरियाणा में भाजपा के स्‍टार प्रचारक होंगे।
पीएम मोदी व अमित शाह के साथ ही योगी और मनोज तिवारी करेंगे हरियाणा में भाजपा का प्रचारचुनाव के लिए करीब 40 दिग्गज उतरेंगे प्रचार में, इसमें हरियाणा की तरफ से 15 और शेष केंद्र तय करेगा: केंद्रीय मंत्रियों में राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज, उमा भारती, पीयूष गोयल आदि के नामों पर मंथन हो चुका है। दूसरी ओर, फिल्म और खेल हस्तियों को जनसभा में बुलाने के लिए केंद्रीय संगठन ही तय करेगा। इसके लिए नाम जल्‍द तय किए जाने की उम्‍मीद है।
क्लस्टर के हिसाब मोदी-शाह की होंगी जनसभाएं: हरियाणा की लोकसभा सीटों को तीन क्लस्टरों में बांटा गया है। पहले क्लस्टर में हिसार, रोहतक और सिरसा हैं। करनाल, अंबाला, कुरूक्षेत्र और सोनीपत दूसरे क्लस्टर में हैं, जबकि तीसरे क्लस्टर में गुरुग्राम, फरीदाबाद व भिवानी-महेंद्रगढ़ शामिल हैं। हरियाणा चुनाव प्रबंधन समिति के सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की क्लस्टर के हिसाब से जनसभाएं करेंगे। पीएम मोदी व शाह की तीन से चार जनसभाएं हो सकती हैं।
यूपी-बिहार से जुड़े मतदाताओं पर नजर: उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़े मतदाताओं की प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में अच्छी-खासी तादाद है। इसलिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा सांसद व भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार मनोज तिवारी की जनसभाओं का खाका तैयार किया गया है। सूत्र कहते हैं कि मोदी-शाह के बाद योगी की सर्वाधिक जनसभाएं कराने पर मंथन चल रहा है। मनोज तिवारी को गुरुग्राम-फरीदाबाद के अलावा जिन लोकसभाओं में बिहार के मतदाता सबसे अधिक संख्या में हैं, वहां बुलाने की योजना है।
हिमाचल-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी आएंगे: हरियाणा में प्रचार के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को भी बुलाया जाएगा। वहीं, पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम भी शामिल किए गए हैं।
  • लोकसभा चुनाव के लिए करीब 40 स्टार प्रचारकों की सूची तैयार होगी। इसमें केंद्रीय मंत्रियों के अलावा केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े दिग्गज शामिल रहेंगे। इनमें हरियाणा के करीब 15 नाम शामिल रहेंगे। हरियाणा के नाम तो हमें ही तय करने हैं। केंद्र स्तर के नामों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा। - संदीप जोशी, केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों के प्रभारी, भाजपा।