Thursday, April 4, 2019

नैना सिंह चौटाला vs सुनैना चौटाला: अब देवरानी-जेठानी होंगी आमने सामने

साभार: जागरण समाचार 
चौटाला परिवार में चाचा और भतीजों के बीच विवाद के बाद नया मोर्चा खुलता नजर आ रहा है। कभी राजनीति से कोसों दूर रहीं परिवार की बहुएं खुलकर राजनीति में टकराने को तैयार हैं। पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की
बड़ी पुत्रवधू नैना चौटाला जननायक जनता पार्टी की राजनीति कर रही हैं तो उनके मुकाबले चौटाला के भाई प्रताप चौटाला की पुत्रवधू सुनैना चौटाला ने राजनीति में कदम रख दिया है। नैना और सुनैना जेठानी-देवरानी हैं। दोनों एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ती नजर आएं तो आश्चर्य नहीं होगा।
चौटाला परिवार में नया मोर्चा, अब राजनीति में टकराने काे तैयार जेठानी और बहुरानीजेठानी नैना चौटाला के मुकाबले राजनीति में उतरी देवरानी सुनैना चौटाला: इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला की पत्नी कांता चौटाला हालांकि पूर्व में जिला परिषद का चुनाव लड़कर पराजित हो चुकी हैं, लेकिन कांता राजनीति में बहुत ज्यादा सक्रिय नहीं रहीं। भाभी कांता को ओमप्रकाश चौटाला के भाई जगदीश चौटाला के बेटे आदित्य चौटाला (देवर) ने हराया था।  
इनेलो ने हाल ही में सुनैना चौटाला को महिला विंग का प्रांतीय प्रधान महासचिव बनाया है। प्रताप चौटाला के बेटे रवि की धर्मपत्नी सुनैना चौटाला कहती हैैं कि महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा के लिए काम करेंगी। अजय चौटाला की पत्नी और सांसद दुष्यंत की मां नैना चौटाला डबवाली से विधायक हैंं।
नैना कर रहीं हरी चुनरी चौपाल तो सुनैना महिलाओं की सुरक्षा व शिक्षा के लिए चलाएंगी अभियान: जननायक जनता पार्टी की राजनीति कर रहीं नैना चौटाला ने पूरे राज्य में महिलाओं के लिए हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम आरंभ कर रखे हैं। सुनैना चौटाला के अनुसार राजनीति से ज्यादा अहमियत उनके लिए समाजनीति की है। राजनीति के मंच को वह समाजनीति का जरिया बनाने के लिए काम करेंगी। जल्द ही पूरे राज्य में महिलाओं की शिक्षा तथा सुरक्षा के लिए व्यापक स्तर पर अभियान आरंभ होगा।
सुनैना के इस नजरिये से साफ है कि वह जल्द ही अपनी जेठानी नैना चौटाला के हरी चुनरी कार्यक्रम के समानांतर कोई नया फार्मूला लेकर आने वाली हैं। वह कहती हैैं कि नैना मेरी जेठानी हैं और जेठानी मां समान होती है। उनसे मुकाबले का सवाल ही पैदा नहीं होता, लेकिन पार्टी यदि कोई जिम्मेदारी देगी तो उसे निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
चौधरी देवीलाल के आदर्शों को मानती हैं जेठानी-देवरानी: जेठानी और देवरानी, दोनों ही ताऊ देवीलाल को अपना राजनीतिक आदर्श मानती हैं। नैना और उनके बेटे दुष्यंत चौटाला देवीलाल के आदर्शों पर चलने का दावा करते हैं। सुनैना कहती हैं कि वह कालेज टाइम से देवीलाल का नाम सुनती थीं। जब इस परिवार की बहू बनीं तो उन्हें गर्व हुआ। अब उनके आदर्शों पर चलकर समाजनीति करने का मौका मिला है।
देवीलाल परिवार की चार पीढिय़ां
  1. चौ. देवीलाल: (चार बेटे एक बेटी) ओमप्रकाश चौटाला - पुत्र, प्रताप सिंह चौटाला - पुत्र, रणजीत सिंह - पुत्र, जगदीश सिंह चौटाला- पुत्र, शामी देवी- पुत्री
  2. ओमप्रकाश चौटाला के बेटे: अजय सिंह चौटाला, अभय सिंह चौटाला
  3. प्रताप सिंह चौटाला के बेटे: रवि चौटाला, जितेंद्र चौटाला
  4. जगदीश चौटाला के बेटे: आदित्य चौटाला, अभिषेक चौटाला, अनिरूद्ध चौटाला
  5. रणजीत सिंह के बेटे: गगनदीप
  6. अजय चौटाला के बेटे: दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय सिंह चौटाला
  7. अभय सिंह चौटाला के बेटे: अर्जुन चौटाला, कर्ण चौटाला।