Tuesday, March 26, 2019

अहंकारी कप्तान होने के कारण गिर रहे INLD के विकेट - दिग्विजय सिंह चौटाला

साभार: जागरण समाचार 
जजपा नेता व इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने सोमवार को गांव अलावलपुर में अपने चाचा व इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पर बड़ा हमला बोला। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने इनेलो नेता
अभय सिंह चौटाला का नाम लिए बिना कहा कि जब किसी टीम का कप्तान अहंकार से वशीभूत रहे तो उस टीम के विकेट गिरने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने लोकसभा चुनाव में जजपा की बड़ी जीत का दावा भी किया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पिछले काफी समय से इनेलो के संरक्षक राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला की कोई सुन नहीं रहा है। इनेलो के कप्तान अहंकार से चकनाचूर हैं, जिसके चलते धड़ाधड़ इनेलो के विकेट गिर रहे हैं। वे हथीन के इनेलो विधायक केहर सिंह रावत के सोमवार को भाजपा में शामिल होने पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि जजपा जाति व धर्म की राजनीति नहीं करती तथा जजपा में सभी धर्मों व संप्रदायों का संगम है। दिग्विजय चौटाला ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में कहा कि जजपा प्रदेश में सबसे बड़े दल के रुप में उभरेगी। फरीदाबाद लोकसभा के लिए प्रत्याशी के चयन पर उन्होंने कहा कि फरीदाबाद से किसान का मेहनतकश बेटा जजपा का प्रत्याशी होगा तथा चुनाव में विजयी होगा।