साभार: जागरण समाचार
भारतीय जनता पार्टी में खिलाडि़यों का शामिल होना जारी है। पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर के बाद अब पैरा ओलंपियन दीपा मलिक भी भाजपा में शामिल हो गई हैं। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और हरियाणा
भाजपा प्रधान सुभाष बराला की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर हरियाणा के इनेलो विधायक केहर सिंह रावत भी भाजपा में शामिल हुए। दीपा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिलाओं व दिव्यांगों को सशक्त करने के कदमों के कारण भाजपा में शमिल हुई हैं। 
खेलों में शानदार कामयाबी से मिला पद्मश्री: दीपा मलिक को खेलों में शानदार उपलब्धियोें के लिए पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने 2016 में आयोजित रियो पैरालिंपिक में शॉटपुट में सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है। इसके अलावा दीपा ने 4.61 मीटर तक गोला फेंका और दूसरे स्थान पर रहीं। वह देश की पहली महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पैरालंपिक में भारत के लिए मेडल जीता है। दीपा को अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
दीपा के जीवन में 1999 में मोड़ आया था और उन्हें रिपीटेटिव ट्यूमर के कारण तीन बार उनकी सर्जरी हुई। सर्जरी के बाद उनके शरीर का सीने से नीचे का हिस्सा शून्य हो गया। उस समय उनकी उम्र बस 30 वर्ष थी। 1998 में दीपा ने ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीता था। उन्होंने पैरालंपिक खेलों में कॅरियर बनाना तय किया।
उपलब्धियों से भरा सफर:
- 2008 में यमुना नदी का 1 किमी का स्ट्रेच पार किया।
- 2013 में चेन्नई से दिल्ली तक की सबसे लंबी 3,278 किमी की ड्राइव सफलतापूर्वक पूरी की।
- पहली महिला जिसने 2009 में खारदुंगा लापास तक ड्राइव की।
- 2014 में एशियन पैरा गेम्स में जैवलीन में सिल्वर मेडल।
- 2012 में फर्स्ट मलेशियन ओपन एथलीट चैंपियनशिप में दो गोल्ड जीते
- रियो पैरालिंंपिक खेलों में रजत पदक विजेता जीता।