साभार: जागरण समाचार
लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर हरियाणा कांग्रेस द्वारा निकाली गई परिवर्तन यात्रा रविवार को समाप्त हो गई। इस यात्रा मेंं कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी गुलाम नबी आजाद सहित प्रदेश के सभी दिग्गज नेताओं ने भाग
लिया। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस ने रणनीति के तहत पांच लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। पांच लोकसभा सीटें ऐसी हैैं, जिन पर अभी पेंच फंसा हुआ है। 
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा छह दिन चली। प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. अशोक तंवर जींद उपचुनाव की तरह परिवर्तन यात्रा में भी पूरे समय सक्रिय रहे। कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने परिवर्तन यात्रा के दौरान भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से पूर्व सांसद श्रुति चौधरी के नाम का ऐलान कर दिया। श्रुति के बाद यह साफ हो गया कि उनकी मां कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी यहां से चुनाव नहीं लड़ रही हैैं।
डाॅ. अशोक तंवर के सिरसा तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के अंबाला संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऐलान भी परिवर्तन यात्रा के मंच से किया गया। पूर्व सांसद नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। उनके नाम का ऐलान खुद राहुल गांधी ने लाडवा में आयोजित सभा में मंच से किया।
2014 में मोदी लहर के बावजूद अपना जलवा दिखाने में कामयाब रहे रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा एक बार फिर चुनावी रण में इसी लोकसभा क्षेत्र से उतरेंगे। उनकी टिकट भी घोषित कर दी गई है। बाकी बची पांच लोकसभा सीटों फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल और सोनीपत पर टिकटों का ऐलान बाद में होगा। हालांकि हिसार में पूर्व सांसद एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई का चुनाव लड़ना लगभग तय है।