साभार: भास्कर समाचार
डोकलाम गतिरोध खत्म होने के करीब चार महीने बाद चीन ने एक बार फिर भारतीय इलाके में घुसपैठ की। चीन की सड़क बनाने वाली टीम अरुणाचल प्रदेश में एक किलोमीटर अंदर तक घुस आई। आईटीबीपी जवानों ने
लौटने को कहा तो वहां टेंट गाड़कर बोल्डर वॉल भी बना ली। लेकिन बाद में भारतीय सेना से सामना होने पर लौटना पड़ा। सूत्रों के अनुसार घटना 28 दिसंबर की है। भारतीय सैनिकों ने इस टीम के सड़क निर्माण यंत्र भी जब्त कर लिए। इनमें खुदाई वाली दो मशीनें भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार एलएसी के पास यह उपकरण अभी तक पड़े हैं। आसपास के इलाकों के लोगों का दावा है कि चीन की टीम में सिविल कर्मचारियों के साथ-साथ कुछ वर्दीधारी भी शामिल थे। अरुणाचल प्रदेश सरकार ने अभी चीनी घुसपैठ की कोई जानकारी होने से इनकार किया है।
अरुणाचल का अस्तित्व स्वीकार नहीं किया - चीन: चीन ने बुधवार को कहा कि उसने कभी भी भारत के राज्य अरुणाचल का अस्तित्व स्वीकार नहीं किया है। यह दक्षिण तिब्बत का हिस्सा है। चीनी सैनिकों की अरुणाचल के सिआंग जिले में घुसपैठ के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा, "मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।'