Tuesday, June 24, 2014

टिप्स: ये सात चीजें भूलकर भी न रखें फ्रिज में

गर्मियों में फ्रिज के बिना रहना बहुत कठिन काम है। खाने-पीने की चीजों को खराब होने से बचाने के लिए हम उन्हें फ्रिज में रखकर निश्चिंत हो जाते हैं, इससे खाना ताजा बना रहता है और हम अपनी जरूरत के अनुसार गर्मी में भी खाने की चीजों का यूज कर सकते हैं। यह नियम सभी खाने कि चीजों पर लागू होता है, ऐसा नहीं है। कुछ खाने की चीजें ऐसी भी हैं जिन्हें फ्रिज में रखने पर उनके पोषक तत्व बहुत कम हो जाते हैं या कहें लगभग खत्म हो जाते हैं। ऐसी चीजों को हमेशा फ्रिज में रखने से बचना चाहिए। आइए जानते हैं खाने से जुड़ी ऐसी सात चीजों के बारे में जिन्हें फ्रिज में रखकर आप अक्सर गलती करते हैं:
  1. टमाटर: पके लाल टमाटर में विटामिन ए, सी,के, फोलेट और पोटेशियम बहुत अधिक मात्रा में पाया जाता है। टमाटर में संतृप्त वसा, कोलेस्ट्रॉल, कैलोरी और सोडियम स्वाभाविक रूप से कम होता है। इसमें थाइमिन, नियासिन, विटामिन बी -6, फॉस्फोरस और तांबा भी होता है, जो सभी अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं। सामान्यत: टमाटर सहित अधिक सब्जियां और फल खाने से हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल, स्ट्रोक, और दिल के रोग से सुरक्षा मिलती है। गर्मियों में थोड़ा मुश्किल है, लेकिन फ्रिज में टमाटर रखने से न सिर्फ टमाटर का स्वाद बदल जाता है, बल्कि इसमें मौजूद तत्व लाइकोपिन भी घटता है, जिससे टमाटर का फायदा कम मिलता है। गर्मी की वजह से इसे फ्रिज में रखना ही है तो कागज में लपेटकर रखें। 
  2. ब्रेड: ब्रेड, चाहें किसी भी रूप में हो, शरीर को पोषण नहीं देती है। जब आप अपनी भूख ब्रेड खाकर जल्दी खत्म करने की कोशिश करते हैं तो शरीर प्रोटीन और विटामिन नहीं ले पाता है। यह आपको फाइबर भी नहीं देती है। फिर भी आप कुछ ब्राउन ब्रेड या होल ग्रेन ब्रेड खाना जारी रख सकते हैं, क्योंकि इनमें कुछ हद तक पोषक तत्व होते हैं, लेकिन केवल कुछ ही। फ्रिज में रखने पर वे गुण भी लगभग खत्म हो जाते हैं। ब्रेड अगर लाते ही फ्रिज में डाल देते हैं तो ये याद रखें कि फ्रिज में डालने पर ब्रेड अधिक तेजी से सूखती है। बेहतर तरीका है कि पहले ब्रेड को चार दिनों के भीतर बाहर ही रखें और अगर इससे अधिक ब्रेड चलानी हो तो कम से कम चार दिन बाद ही फ्रिज में डालें। 
  3. प्याज: प्याज के अन्दर प्रोटीन, वसा, खनिज, लवण, कार्बोहाइड्रेट, कैल्शियम, फॉस्फोरस, लोहा, विटामिन, कैलोरीज सभी कुछ हैं। प्राचीनतम आयुर्वेदीय ग्रन्थ कारों के अनुसार प्याज के सेवन से स्किन ग्लौ करने लगती है। पाचन शक्ति बढ़ती है। त्वचा के सभी रोग खत्म हो जाते हैं। ब्लडप्रेशर के रोगियों के लिए तो यह वरदान है। फ्रिज में प्याज रखने पर फ्रिज के वातावरण की नमी प्याज को जल्दी खराब कर सकती है। प्याज हमेशा बाकी सब्जियों से अलग सूखे में ही रखना चाहिए। इसीलिए प्याज को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। 
  4. आलू: आलू वनस्पति विज्ञान की दृष्टि से एक तना है। माना जाता है कि आलू का उत्पादन सबसे पहले दक्षिण अमेरिका के पेरू में हुआ। यह गेहूं, धान और मक्का के बाद सबसे ज्यादा उगाई जाने वाली फसल है। भारत में यह विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में पैदा किया जाता है। यह जमीन के नीचे पैदा होता है। आलू के उत्पादन में चीन और रूस के बाद भारत तीसरे स्थान पर है। आलू कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है। उबले आलू या भूने आलू खाने से शरीर को जबरदस्त ऊर्जा मिलती है। आलू को यदि फ्रिज में रखेंगे तो इसमें मौजूद स्टार्च तेजी से शुगर में बदल जाएगा। ऐसे में आलू का फायदा अपने आप ही नुकसान में बदल जाएगा। यदि आलू फ्रिज में रखना आपकी मजबूरी ही है तो इसे कागज के बैग में डालकर रखें। 
  5. शहद: शहद का उपयोग आंखों के लिए बेहद फायदेमंद होता है। यह खून को साफ करता है और दिल को मजबूत बनाने में भी सहायक है। सर्दियों में कफ और गला खराब होने की समस्याओं से निपटने में शहद बहुत मददगार है। खासतौर पर बच्चों के लिए ठंड में शहद का सेवन उन्हें पूरे मौसम में कफ और गले की समस्याओं से बचाकर रखता है। इसके सेवन से नींद भी अच्छी आती है। शहद को फ्रिज में रखने से कोई फायदा नहीं है, इसे रखने से पोषक तत्वों का प्रभाव कम होता है। टाइट डिब्बे में शहद आप भले ही कितने समय तक बाहर रखें, यह खराब नहीं होता है। 
  6. सेब: सेब में फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है। सेब को खाने से पाचन तंत्र भी सही रहता है। यह एंटीऑक्सीडेंट का एक अच्छा स्त्रोत है, जो डायबिटीज, कैंसर, और दिमाग से संबंधित बीमारियों को दूर करने में भी मदद करता है। सेब शरीर में ग्लूकोज की मात्रा को सामान्य करता है। जिससे डायबिटीज के रोगियों को लाभ होता है। सेब के एंटीऑक्सीडेंट्स अगर आप भरपूर मात्रा में चाहते हैं तो इसे फ्रिज में रखने के बजाए ताजा खाने की कोशिश करें। यदि सेब अधिक मात्रा में हैं तो एक सप्ताह के बाद आप उन्हें फ्रिज में रख सकते हैं। 
  7. तरबूज: तरबूज में लाइकोपिन पाया जाता है। लाइकोपिन हमारी त्वचा को हमेशा जवान बनाए रखता है। इसके नियमित सेवन से कभी कैंसर नहीं होता है। तरबूज दिल की बीमारियों को होने से रोकता है। यह शरीर के प्रतिरक्षा तन्त्र को मजबूत बनाता है। मोटापे को कम करता है। जिन लोगो को डिप्रेशन या जो लोग काम के तनाव में अधिक रहते हैं, उनके लिए तरबूज बहुत फायदेमंद होता है। तरबूज खाने से दिमाग शांत और खुश रहता है। जिन लोगो को गुस्सा अधिक आता है, तरबूज खाने से उनको अपना गुस्सा शांत करने में बहुत मदद मिलती है। गर्मियों में तरबूज खाने से गर्मियों में होने वाली बहुत सी बीमारियों से बचा जा सकता है। तरबूज अगर आपने काटा नहीं है तो इसे आप फ्रिज में न रखें। इससे तरबूज के एंटीऑक्सीडेंट बने रहते हैं। हां, कटे हुए तरबूज को अधिकतम तीन दिनों तक फ्रिज में रख सकते हैं।


साभार: डीबी समाचार
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE