Sunday, October 7, 2018

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में विस चुनाव का एलान

Post published at www.nareshjangra.blogspot.com
साभार: जागरण समाचार 
चुनाव आयोग ने देश के पांच राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। चार चरणों में 12 नवंबर से लेकर सात
दिसंबर तक सभी राज्यों में मतदान पूरे हो जाएंगे और 11 दिसंबर को नतीजों की घोषणा होगी। तारीखों के एलान के साथ ही इन सभी राज्यों में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ने तारीखों का एलान करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव कराया जाएगा। अन्य राज्यों में एक चरण में ही मतदान होंगे। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भाजपा की सत्ता है, तो मिजोरम में कांग्रेस की सरकार है। तेलंगाना में टीआरएस सत्ता में है। वहां विधानसभा भंग कर समय से पहले चुनाव करवाए जा रहे हैं। 
इन चुनावों को 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा की अग्निपरीक्षा बताया जा रहा है। इन विधानसभा चुनावों में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री रमन सिंह की परीक्षा होगी। भाजपा के मजबूत राज्य कहे जाने वाले मध्य प्रदेश में भी शिवराज सिंह चौहान अपने चौथे कार्यकाल के लिए दमखम लगाएंगे।नई दिल्ली में शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओपी रावत ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रमों की मीडिया के समक्ष घोषणा की। इस मौके पर निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा (बाएं) और अशोक लवासा भी मौजूद रहे। 
विधानसभा चुनाव कार्यक्रम: 
  • 12 नवंबर : छत्तीसगढ़ - 18 सीटें
  • 20 नवंबर : छत्तीसगढ़ - 72 सीटें
  • 28 नवंबर : मध्य प्रदेश - 230 सीटें
  • 28 नवंबर : मिजोरम - 40 सीटें
  • 07 दिसंबर : राजस्थान - 200 सीटें
  • 07 दिसंबर : तेलंगाना - 119 सीटें
  • उप-चुनाव 03 नवंबर - कर्नाटक में बेल्लारी, शिमोगा और मांड्या लोकसभा सीटों पर