Monday, October 29, 2018

मोदी-एबी की मुलाकात से संबंधों को मिली नई ऊंचाई

Click here to enlarge imageसाभार: जागरण समाचार 
जापान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी की मुलाकात से दोनों देशों के
संबंधों को नई ऊंचाई मिली है। दोनों नेताओं के हावभाव और व्यवहार में गर्मजोशी साफ दिख रही थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी और एबी के बीच यह 12वीं मुलाकात है। जापान के प्रधानमंत्री एबी ने यामानशी प्रांत के होटल माउंट फुजी में रविवार को मोदी का स्वागत किया। उन्होंने मोदी को सबसे भरोसेमंद दोस्तों में से एक बताया है। प्रधानमंत्री मोदी 13वें भारत-जापान वार्षिक बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
रविवार को शुरू हुए दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन दोनों नेताओं ने करीब आठ घंटे का वक्त एक-दूसरे के साथ बिताया। इस दौरान उनके बीच कई मुद्दों पर अनौपचारिक बातचीत हुई। शाम को एबी ने लेक कावागुची स्थित अपने निजी विला में मोदी के लिए विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। यह पहला मौका है जब एबी ने अपने निजी हॉलीडे होम में किसी विदेशी राजनेता को आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद से एबी से मोदी की यह 12वीं मुलाकात है। सितंबर, 2014 में दोनों नेताओं के बीच पहली मुलाकात हुई थी। जापान रवाना होने से पहले मोदी ने कहा था कि आर्थिक और प्रौद्योगिकी के आधुनिकीकरण में भारत के लिए जापान सबसे भरोसेमंद भागीदार है। पिछले कुछ वर्षो में जापान के साथ रिश्तों में व्यापक बदलाव हुआ है।

एबी ने संबंधों को सराहा: मुलाकात से पहले एबी ने भारतीय अखबारों में प्रकाशित अपने संदेश में मोदी को सबसे भरोसेमंद दोस्तों में से एक बताया। मोदी को भारत का उत्कृष्ट नेता बताते हुए एबी ने कहा कि उनका हमेशा से मानना है कि जापान और भारत के संबंध में दुनिया को बहुत कुछ दे सकने की क्षमता है। जापान और भारत के बीच सुरक्षा, निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग और आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जापान पीएम मोदी के मेक इन इंडिया के प्रयास को अपना समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जापान में ट्रेन से यात्र की। नरेंद्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो एबी यामानशी क्षेत्र में आठ घंटे बिताने के बाद एक्सप्रेस ट्रेन काइजी से टोक्यो के लिए रवाना हुए। ’ 
कैजी ट्रेन की सवारी की: प्रधानमंत्री मोदी ने शिंजो एबी के साथ एक्सप्रेस ट्रेन कैजी की सवारी की। यामानशी में अनौपचारिक बातचीत और औद्योगिक रोबोट बनाने वाली कंपनी फानुक का कारखाना देखने के बाद टोक्यो तक का सफर दोनों नेताओं ने ट्रेन से किया। यामानशी टोक्यो से करीब 110 किलोमीटर की दूरी पर है। विदेश मंत्रलय के प्रवक्ता के अनुसार, सोमवार को दोनों नेता टोक्यो में औपचारिक शिखर बैठक करेंगे। उनकी इस बैठक के एजेंडा में द्विपक्षीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को मजबूत करना शामिल है।
भेंट किए हस्तनिर्मित उपहार: पीएम मोदी ने अपने जापानी समकक्ष शिंजो एबी को कलात्मक दरियां और पत्थर के दो हस्तनिर्मित कटोरेनुमा पात्र उपहार स्वरूप भेंट किए। ये पात्र राजस्थान से मिलने वाले विशेष गुलाबी व पीले क्वाट्र्ज से बनाए गए हैं। वहीं तोहफे में दी गई दरियों को उत्तर प्रदेश के खास बुनकरों ने तैयार किया है। उपहारों में जोधपुरी वुडन चेस्ट (लकड़ी का बक्सा) भी शामिल रहा।