Sunday, October 28, 2018

CM ने 367 और बसें रोडवेज के बेड़े में शामिल करने की की घोषणा, कहा निजी परमिट वाली 720 बसें हर हाल में आएंगी

Click here to enlarge imageसाभार: जागरण समाचार 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी यूनियन की हड़ताल का शीघ्र समाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निजी परमिट वाली किराए कि 720 बसें रोडवेज बेड़े में शामिल होने से नुकसान नहीं
बल्कि मजबूती मिलेगी। इन बसों में ड्राइवर-कंडेक्टर रोडवेज के ही होंगे और आमदनी भी रोडवेज की होगी। रोडवेज की बसें भी बेड़े में शामिल की जा रही हैं। प्रदेश में शीघ्र ही 367 बसों के टेंडर किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुराना आइटीआइ मैदान में आयोजित जनसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि किराए पर बसों को लेने का निर्णय सरकार की पॉलिसी का विषय है। हड़ताली कर्मचारियों के समाधान के लिए प्रयास चल रहा है और शीघ्र कोई रास्ता निकाल लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुंडली- मानेसर- पलवल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया है, कुछ जगह कार्य शेष बचा है। दीपावली के बाद कोई भी तारीख निर्धारित करके इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास में यह प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा। चार साल में सरकार ने बेहतर विकास कार्य किए हैं। चुनाव घोषणा पत्र की सभी घोषणाएं पूरी कर दी गई हैं। करीब 15 नीतिगत घोषणाएं हैं, जिनको पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह कुछ प्रोजेक्ट ऐसे भी हैं, जो अभी पूरे होने हैं। उदाहरण के तौर पर गन्नौर मंडी का काम अभी शेष है। सीएम ने कहा कि जो सपना हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. मंगलसेन देखकर गए थे, उसे पूरा किया जा रहा है। उस पर भाजपा सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि रोहतक में एक एकड़ में डा. मंगलसेन के नाम पर म्यूजियम बनाया जाएगा, जिसमें उनसे जुड़ी स्मृतियों को रखा जाएगा। नगर निगम चुनाव के सवाल पर कहा कि शीघ्र नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी।