Sunday, October 28, 2018

हड़ताल का असर कम करने के लिए लगाए गए चालक परिचालकों में से लगभग आधे एक ही हल्के से या जिनके परिजन रोडवेज में

साभार: जागरण समाचार 
खबर फतेहाबाद से है:
रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से पिछले 12 दिनों से आमजन को परेशानी आ रही है। हड़ताल का
असर कम करने के लिए प्रदेश सरकार व रोडवेज विभाग ने फतेहाबाद डिपो में अनुबंध के आधार पर 202 चालक व परिचालक रखे हैं। इनमें से 110 परिचालक शामिल हैं। भर्ती किए हुए नए कर्मचारियों में अधिकांश वे युवक हैं जिनकी राजनीतिक पहुंच के साथ रोडवेज विभाग में भी परिवार के सदस्य पहले से कार्यरत हैं। रात को हुई भर्ती में अधिकांश रोडवेज कर्मचारियों के जानकार ही लगे हैं। रोडवेज के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि 30 कर्मचारी रोडवेज के परिजनों के संबंधित है, वहीं टोहाना क्षेत्र से भी 80 से अधिक कर्मचारी लगे हैं। उनका मानना है कि क्षेत्र विशेष से अधिक कर्मचारी लगे हैं। वहीं रोडवेज के महाप्रबंधक शंभूराम का कहना है कि भर्ती में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है, कर्मचारी अनुबंध ए के आधार पर हिसार की साई सिक्योरिटी के मार्फत रखे गए हैं। उन्होंने माना कि चालकों को अनुभव की कमी है। 
अनुबंध ए तहत ठेके के कर्मचारी: अनुबंध ए के आधार पर लगे कर्मचारियों को एजेंसी से ठेके पर लगाया जाता है। इन्हें ठेकेदार के माध्यम से ही वेतन दिया जाता है।
अनुबंध बी के कर्मचारी: इन कर्मचारियों को सीधा सरकार के द्वारा परीक्षा के आधार पर भर्ती किया जाता है। सरकार सीधा इनके खाते में वेतन भेजती है।
रात को ड्राइवरों का टेस्ट लेने से खफा हैं बेरोजगार युवा: रोडवेज में रखे गए चालकों का भर्ती के लिए टेस्ट रात को किया गया है। टेस्ट में फर्जीवाड़ा किया गया है, एजेंसी के मार्फत कर्मचारियों की लिस्ट तैयार की गई है। शुरूआत में रोडवेज के जीएम इन कर्मचारियों की लिस्ट कभी आरटीओ कार्यालय तो कभी एसडीएम के मार्फत आने का नाम ले रहे थे।