साभार: जागरण समाचार

1999 के चुनाव में दोनों दल गठबंधन कर जीत चुके सभी 10 लोकसभा सीटें: पिछले दिनों इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा की मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ हुई मुलाकात ने दोनों दलों के बीच गठजोड़ की नई संभावनाओं को जन्म दे दिया है। भाजपा और इनेलो के बीच पुराने राजनीतिक संबंध रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मोदी लहर पर सवार होकर हरियाणा में 34 फीसदी वोट हासिल किए और सात लोकसभा सीटें जीती थीं। यह दूसरा मौका था, जब नरेंद्र मोदी ने भाजपा को हरियाणा में इतनी बड़ी जीत दिलाई। इससे पहले 1999 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इनेलो के साथ गठबंधन कर 29.21 प्रतिशत की वोट शेयरिंग की थी। तब भाजपा और इनेलो ने मिलकर सभी 10 सीटों पर विजय प्राप्त की थी। उस समय नरेंद्र मोदी हरियाणा के प्रभारी थे। भाजपा 2019 के चुनाव में सभी सीटों पर अच्छा प्रदर्शन करने का दावा कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग इस प्रयास में हैं कि यदि कहीं पार्टी का प्रदर्शन हलका है तो उसे किसी दूसरे के सहारे की मदद से दुरुस्त कर लिया जाए। इस सहारे की कसौटी पर राज्य का प्रमुख विपक्षी दल इनेलो पूरी तरह से खरा उतरता है। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से भी अच्छे संबंध रहे हैं।
ओमप्रकाश चौटाला कई बार इस बात के संकेत दे चुके हैं कि इनेलो परिस्थिति के हिसाब से भाजपा का समर्थन कर सकती है। चौटाला के इस रुख के चलते ही पिछले दिनों इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा की दिल्ली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से हुई मुलाकात को अहम माना जा रहा है। अरोड़ा भले ही इस मुलाकात को सामान्य करार दें, लेकिन यह संभव नहीं कि दोनों दलों के बीच राजनीतिक रिश्तों पर बात न हुई हो।
- इनेलो ने आगे की रणनीति पर विचार के लिए 16 मार्च को दोपहर दो बजे झज्जर पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय और राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। विपक्ष के नेता अभय चौटाला समेत सभी विधायक, सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, पदाधिकारी, जिला, हलका व शहरी प्रधान तथा सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश व जिला संयोजक इस बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में राजनीतिक हालात पर विचार-विमर्श कर पार्टी की अगली रणनीति तैयार होगी। - अशोक अरोड़ा, अध्यक्ष, इनेलो, हरियाणा।