हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय परिसर की तलाशी पर संशय खत्म हो गया है। पानीपत के रिटायर्ड सेशन जज अनिल कुमार सिंह पंवार की देखरेख में डेरा मुख्यालय की तलाशी ली
जाएगी। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उनको कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया है। डेरे में कब तलाशी शुरू होगी और उसका प्रारूप क्या होगा, यह तय करने की जिम्मेदारी कोर्ट कमिश्नर की होगी। हाई कोर्ट का आदेश मिलते ही कोर्ट कमिश्नर डेरे में तलाशी अभियान की शुरुआत करा सकते हैं। तलाशी में हरियाणा पुलिस और अर्ध सैनिक बल के ही जवान लगेंगे। सेना की मदद नहीं ली जाएगी। तलाशी के करीब एक पखवाड़े तक चलने की संभावना है। इस कार्य में अर्धसैनिक बलों की कम से कम दो कंपनियां लगाई जा सकती हैं। हरियाणा सरकार के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सर्च अभियान में साथ होंगे। पूरे अभियान की रिपोर्ट हरियाणा सरकार और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पास जमा होगी।
हेलीकॉप्टर से रहेगी डेरे पर निगाह: बुलेट प्रूफ गाड़ियों में पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवान अंदर जाएंगे। हरियाणा पुलिस के विशेष कमांडो दस्ते और बम निरोधक दस्ते को कार्रवाई के लिए तैयार कर रखा गया है। हेलीकाप्टर से डेरे की सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी।
ताले खोलने के लिए मैकेनिकों की टीम: डेरा सच्चा सौदा में तलाशी की मंजूरी मिलते ही पुलिस ने ताले तोड़ने के लिए मैकेनिकों को हायर किया है। कमिश्नर नियुक्त किए गए रिटायर्ड सेशन जज की देखरेख में डेरे के सभी गुप्त ताले तोड़े जाएंगे। डेरे में गुफा और कई गुप्त कमरे होने की चर्चा सालों से है।
700 एकड़ में फैला डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय: सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय करीब 700 एकड़ में फैसला है। इस विशाल परिसर में कई संस्थान भी संचालित हैं। परिसर के बाहर भी कुछ संस्थान है। हरियाणा में डेरा मुख्यालय और अन्य डेरा व नाम चर्चा घर मिलाकर कुल परिसर हैं।
कोर्ट कमिश्नर की सुरक्षा का जिम्मा सरकार को: पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की पूर्ण ने कोर्ट कमिश्नर अनिल कुमार सिंह पंवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी हरियाणा सरकार को सौंपी है। उन्हें इस कार्य के लिए जरूरी स्टाफ और सुरक्षा बल मुहैया कराना भी सरकार का दायित्व होगा।