Wednesday, September 6, 2017

तबादले: 19105 अध्यापकों और 1283 प्रिंसिपल को मिले मनपसंद स्कूल

साभार: जागरण समाचार 
हरियाणा सरकार की ओर से शिक्षक दिवस पर हजारों शिक्षकों को मनपसंद पोस्टिंग का उपहार दिया गया है। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. केके खंडेलवाल ने कंप्यूटर पर एक क्लिक से 20 हजार 188
अध्यापकों के ऑनलाइन तबादला आदेश जारी किए। शिक्षकों को वही स्टेशन दिए गए हैं, जो उन्होंने अपनी पसंद से भरे थे। इस बार तबादलों के दौरान जोन के बजाय स्कूल की पसंद को महत्व दिया गया है। 192 अध्यापकों ने कोई भी स्टेशन नहीं भरा था। इसलिए उन्हें जहां भी कहीं जगह खाली होगी, उन्हें वह स्टेशन दे दिया जाएगा। डॉ. खंडेलवाल के अनुसार 20 हजार 188 अध्यापकों के तबादलों में 1283 प्रिंसिपल, 8556 टीजीटी तथा 10 हजार 349 सी एंड वी अध्यापक शामिल हैं। इस बार के साफ्टवेयर में ट्रांसफर की प्रक्रिया को सात चरणो में आवंटित किया गया, जिनमें अध्यापकों को 5-5 स्कूलों का चयन करना था ताकि यदि एक जोन में उनकी पसंद का स्टेशन न मिले तो दूसरे जोन में पसंद का ख्याल रखा जा सके। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि जोन की बजाय स्कूल की पसंद को प्राथमिकता देने से अच्छे परिणाम आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के कल्याण के लिए सरकार के स्तर पर हरसंभव प्रयास होंगे। अध्यापकों की ऑनलाइन समस्याएं भी सुनी जाएंगी। खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेश पर सभी शिक्षकों की इच्छा के अनुसार तबादले किए गए। इससे संबंधित स्कूलों में शिक्षा के स्तर में सुधार होगा और स्कूलों के परिणाम अच्छे आएंगे।