Sunday, February 25, 2018

बिहार के मुजफ्फरपुर में छात्रों को BJP नेता के बोलेरो चालक ने रौंदा, नौ की मौत

साभार: जागरण समाचार 
स्कूल से मध्याह्न भोजन खाने के बाद उत्क्रमित मध्य विद्यालय धरमपुर जिला मुजफ्फरपुर के बच्चे मुजफ्फरपुर-शिवहर मार्ग से घर लौट रहे थे, तभी मौत बनकर तेज दौड़ती बोलेरो गाड़ी ने डेढ़ दर्जन बच्चों को
रौंद दिया। अन्य राहगीर भी चपेट में आ गए। इस घटना में नौ बच्चों की मौत हो गई। दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद बोलेरो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। उसमें तीन लोग सवार थे। बोलेरो भाजपा के महादलित मंच के प्रदेश मंत्री मनोज बैठा की है। हादसे के समय वह भी बोलेरो में थे। वह घटना के बाद सीतामढ़ी के एक अस्पताल में घायल अवस्था में बाइक से पहुंचे भी थे। उनके चेहरे पर चोट थी। वहां मनोज ने नौ बच्चों की मौत की खबर सुनी और फिर वह मौके से भाग निकले। 
इस घटना से आक्रोशित गांव के लोगों ने स्कूल के हेडमास्टर अजय कुमार, दो शिक्षिकाओं और अन्य शिक्षकों की बुरी तरह पिटाई कर दी। हेडमास्टर की गंभीर चोट आई है। लोग नाराज थे कि बच्चों को सुरक्षित सड़क पार क्यों नहीं कराया गया। आक्रोशित लोगों ने धरमपुर के निकट एनएच को जाम कर दिया। सड़क हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक बच्चे के परिवार को तत्काल चार-चार लाख रुपये की सहायता और घायल बच्चों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है।