Saturday, May 25, 2019

नवीन पटनायक लगातार पांचवीं बार ओडिशा के CM बनेंगे

साभार: जागरण समाचार  
देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुनामी के बावजूद ओडिशा की जनता का नवीन पटनायक पर भरोसा कायम है। ओडिशा में आम चुनाव के साथ हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी बीजू जनता दल को बहुमत
मिला है। बीजद ने 146 में 112 सीटों पर जीत दर्ज की है।
नवीन पटनायक ने नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। सोमवार को बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक लगातार पांचवीं बार ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जोकि राज्य के लिए अपने आप में एक रिकॉर्ड है। नवीन पटनायक ने शुक्रवार को राजभवन जाकर राज्यपाल प्रो. गणोशी लाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके साथ ही नई सरकार बनाने का दावा भी पेश किया। राज्यपाल ने नई सरकार के गठन तक उन्हें मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का आग्रह किया है।
मोदी की सुनामी पर भारी पड़ा पटनायक का जादू: ओडिशा में एक साथ हुए लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुनामी पर बीजू जनता दल के सुप्रीमो नवीन पटनायक की लोकप्रियता भारी पड़ी है। यही वजह है कि लोकसभा की 21 सीट में से बीजू जनता दल को 12 सीट, भारतीय जनता पार्टी को आठ एवं कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली।