Tuesday, May 28, 2019

पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा बेल्ट से महिला की पिटाई का वीडियो वायरल: पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

साभार: जागरण समाचार  
महिला को बेल्ट से पीटते हुए आदर्श नगर थाने के पुलिसकर्मियों का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सत्यता पता कराई। जांच के
बाद दो हेडकांस्टेबल को निलंबित और तीन एसपीओ को बर्खास्त कर दिया।
पांचों के खिलाफ अतिरिक्त थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह की शिकायत पर महिला को पीटने, मानहानि व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, महिला आयोग की सदस्य रेनू भाटिया ने भी पुलिस आयुक्त से मिलकर उचित जांच व कार्रवाई की मांग की। वायरल हुए सवा चार मिनट के इस वीडियो में एक वर्दी में, जबकि बाकी चार सिविल ड्रेस में दिख रहे हैं। वे महिला को धमकाते व गालियां देते और ठहाके लगाते हुए सुने जा सकते हैं। 
बीच-बीच में एक शख्स महिला को बेल्ट से पीट रहा है। वीडियो पुलिस आयुक्त संजय कुमार के पास भी पहुंचा। उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि महिला को बेल्ट से पीट रहा शख्स एचसी रोहित, वर्दी पहने एचसी बलदेव है, बाकी एसपीओ कृष्णपाल, हरपाल व दिनेश हैं। सभी आदर्श नगर थाने में तैनात हैं। वीडियो अक्टूबर 2018 का बताया जा रहा है। कोई गलत काम होने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी सिटी पार्क पहुंचे थे। उन्हें वहां केवल यह महिला मिली। उसे थाने ले आए।
पुलिसकर्मी महिला से जानने की कोशिश कर रहे थे कि उसके साथ और कौन था। इसी दौरान उसकी बेल्ट से पिटाई की गई। यह वीडियो किसने बनाई, तब की बजाय, अब कैसे सामने आया, यह जांच का विषय है।
  • महिला की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की तरफ से भी कोई शिकायत नहीं मिली है। सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी महिला से केवल महिला पुलिसकर्मी ही पूछताछ कर सकती है। - संजय कुमार, पुलिस आयुक्त।