Friday, May 31, 2019

मंत्रिमंडल गठन के लिए हरियाणा में BJP ने खेला दलित और BC कार्ड

साभार: जागरण समाचार  
लोकसभा का चुनावी रण फतेह करने के बाद अब हरियाणा के विधानसभा चुनावों में मिशन-72 की तैयारी में जुटी भाजपा ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के जरिये दलित और पिछड़ा कार्ड खेला है। पार्टी के रणनीतिकारों ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में जातिगत व राजनीतिक समीकरणों पर फोकस करते हुए जिन तीन मंत्रियों को जगह दी, वह अपनी बिरादरी के कद्दावर चेहरे हैं। केंद्र सरकार में पहली बार उत्तरी हरियाणा को शामिल कर भाजपा ने अपना गढ़ मजबूत करने की रणनीति अपनाई।
मोदी मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले रतन लाल कटारिया दलित तो राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर पिछड़ा वर्ग से हैं। भाजपा ने नए मंत्रिमंडल के जरिये न केवल दलित और पिछड़ा वर्ग को लुभाने का पासा फेंका, बल्कि किसी नए चेहरे के बजाय पुराने धुरंधरों पर भरोसा जताते हुए साफ कर दिया कि सरकार में चलेगी पुराने भाजपाइयों की ही। साथ ही उत्तर से लेकर दक्षिण हरियाणा तक के नुमाइंदों को मंत्रिमंडल में जगह देकर हर हिस्से को साधने की कोशिश की। कैबिनेट में शामिल हुए पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह भले ही दूसरे राज्य के प्रतिनिधि के तौर पर सरकार में शामिल हुए, लेकिन भिवानी क्षेत्र में उनका खासा प्रभाव है।  
लोकसभा चुनाव में भाजपा क्लीन स्वीप करते हुए सभी दस सीटों पर चुनाव जीत गई, लेकिन कई लोकसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां बूथ स्तर पर भाजपा को बहुत कम वोट मिले। दलितों के वोट कांग्रेस तथा लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के खाते में भी ट्रांसफर हुए हैं। विधानसभा चुनाव में यह वोट बैंक भाजपा से न छिटके, इसके लिए रतन लाल कटारिया को मोदी मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया है। कटारिया लगातार दूसरी बार सांसद बने हैं। उन्होंने अंबाला से कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व कैबिनेट मंत्री कुमारी सैलजा को हराया।