Sunday, May 31, 2015

लैब सहायकों का अनशन समाप्त

पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर मार्च माह से धरना दे रहे हरियाणा के सरकारी स्कूलों के लैब सहायकों का आमरण अनशन शनिवार शाम समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर 12 दिन से जारी अनशन खत्म कराया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सभी 30 अनशनकारियों को जूस पिलाया। साथ ही आश्वासन दिया कि किसी भी लैब सहायक को
बेरोजगार नहीं रहने दिया जाएगा। इसमें बाद लैब सहायकों की मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि हरियाणा में 2622 कंप्यूटर लैब सहायकों ने अनशन समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि बैठक में संघ के सदस्यों द्वारा रखी गई बातों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया है। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि आगामी जून माह के दूसरे सप्ताह तक इनका 20 महीने का बकाया वेतन जारी कर दिया जाएगा। लैब सहायकों को भरोसा दिलाया गया है कि नई भर्ती में मौजूदा लैब सहायकों को विशेष तरजीह दी जाएगी। इस मौके पर लैब सहायक संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र पाल प्योंत ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा और मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उनकी मांगों पर विचार किया गया। साथ ही उनके 20 महीने के रुके हुए वेतन को जारी करने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि राज्यभर के 2622 कंप्यूटर लैब सहायकों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। 

साभार: अमर उजाला समाचार
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE . Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.