Tuesday, June 30, 2015

हरियाणा में होंगी पचास हजार भर्तियां

हरियाणा सरकार ने आने वाले समय में विभिन्न पदों पर 50 हजार भर्तियां करने का एलान किया है। सरकार भर्तियों को लेकर जहां खोया हुआ भरोसा बहाल करने के प्रयासों में है, वहीं योग्य लोगों को घर बैठे नौकरियां देने का वादा भी कर रही है। प्रदेश सरकार अभी तक 12 हजार से अधिक भर्तियों के विज्ञापन निकाल चुकी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक ट्वीट के जरिए सोमवार को कहा कि आने वाले समय में 50 हजार भर्तियां करने
का लक्ष्य तय किया गया है। भर्ती में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी और योग्य लोगों को अपना हक हासिल करने के लिए किसी के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा के चुनावी वादों को पूरा नहीं करने पर विपक्ष के हमलों का भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए सभी वादों को पूरा करेगी और इस कड़ी में एक-एक कर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो, राज्य चौकसी ब्यूरो, विभागीय जांच और मुख्यमंत्री के उड़नदस्ते समेत कई तरह के विकल्प मौजूद हैं। राज्य सरकार भ्रष्टाचार को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपनी कार्य प्रणाली में सुधार के लिए सचेत भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए छह माह व्यवस्था सुधारने पर लगाए गए हैं। जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। जरूरत पड़ी तो टेढ़ी अंगुली से घी निकालना हमें भी आता है। उन्होंने कहा कि पिछले सात माह में भाजपा सरकार ने 14 महीने का कार्य किया है। पांच साल के लिए बहुमत मिला है। हम इन पांच सालों में 10 साल का काम करेंगे। जनता को पांच साल बाद काम का सही पता चलेगा।

साभार: जागरण समाचार 
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE . Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.