Wednesday, April 15, 2015

अनार: दूर करे खून की कमी और बढ़ाए याददाश्त, जानें अन्य फायदे भी

आजकल के लाइफस्टाइल के चलते, लोग हेल्दी फूड्स से ज़्यादा पैकेज्ड फूड खाते हैं। ऐसे में उन्हें जल्द ही संक्रमण हो जाते हैं या फिर बीमारियां घेर लेती हैं। आजकल लोगों में एनीमिया यानी खून की कमी की दिक्कत बहुत देखी जा रही है। ऐसा महिलाओं के साथ तो बहुत ज़्यादा होता है, लेकिन इसका आसान उपाय छिपा है अनार के दानों में। अनार के दानें दिखने में जितने खूबसूरत होते हैं, खाने में उतने ही स्वादिष्ट भी, लेकिन अनार छीलकर खाने की बात पर हम सब आलसी
हो जाते हैं। अनार के आयुर्वेदिक गुणों पर दुनियाभर के वैज्ञानिक कई तरह की रिसर्च कर रहे हैं। अनार हमारे देश के लगभग सभी राज्यों में उगाया जाता है और बड़े चाव से खाया भी जाता है। पारंपरिक तौर पर देसी नुस्खों में अनार कई तरह के रोगों के उपचारों में इस्तेमाल किया जाता है। अनार के कई तरह के रोचक गुणों के बारे में जानकर आप भी अनार को अपने खानपान का एक अहम हिस्सा बना लेंगे और साथ ही आलस छोड़कर इसे छीलने में देरी भी नहीं करेंगे, क्योंकि न सिर्फ इसके दानों के साथ इसके छिलकों में भी कई तरह के फायदे छिपे हुए हैं।  
खून की कमी नहीं होती: ऐसा माना जाता है कि अनार के सेवन से शरीर में खून की कमी दूर हो जाती है और इसी वजह से यह हृदय के लिए भी बहुत लाभदायक होता है। प्रतिदिन एक गिलास अनार का जूस पीने से सेहत अच्छी रहती है। 
वजन कम करने में फायदेमंद: अनार का जूस शरीर में इंसुलिन की मात्रा को प्रभावित किए बगैर इंसान का वजन कम करने में मदद करता है। खाली पेट प्रतिदिन अनार का जूस पीने से फैटी सेल्स का बनना कम होने लगता है और धीरे-धीरे वजन कम हो जाता है।  
गर्भ में शिशु की सेहत के लिए फायदेमंद: अनार का जूस कार्डियोवैस्कुलर सिस्टम को बेहतर बनाता है। यानी यह ब्रेन की सेहत के लिए बेहतरीन होता है। माना जाता है कि ब्रेन से जुड़ी समस्याओं से ग्रस्त रोगियों को अनार का जूस जरूर पीते रहना चाहिए। अनेक रिसर्च से पता चला है कि मां के गर्भ में पल रहे बच्चे की बेहतर सेहत के लिए अनार का जूस बहुत फायदेमंद होता है। माना जाता है कि नाल में श्वसन क्रिया के दौरान कभी-कभी होने वाले तनाव को रोकने में भी यह मददगार होता है। 
आर्थराइटिस में आराम मिलता है: जोड़ दर्द या आर्थरायटिस से ग्रस्त रोगियों के लिए अनार का जूस वरदान की तरह है, रोगियों को दिन में एक बार कम-से-कम 75 से 100 मिली अनार का जूस जरूर पीना चाहिए। इससे काफी आराम मिलता है।
प्रोस्टेट कैंसर को रोकता है: शोध परिणामों से यह भी जानकारी मिली है कि अनार का रस प्रोस्टेट के दोहरेपन को रोकता है और प्रोस्टेट कैंसर कोशिकाओं को मारने में सक्षम होता है। इसलिए प्रोस्टेट कैंसर की संभावनांए होने या इसके होने के शुरुआती दौर में रोगी को अनार का जूस पिलाना चाहिए जो अत्यंत कारगर होता है। 
ब्रेस्ट कैंसर से लड़ता है: लैब से प्राप्त क्लिनिकल परिणामों पर नजर डाली जाए, तो जानकारी मिलती है कि अनार के दानों में एरोमाटेज नामक एंजाइम की क्रिया को कम करने का गुण होता है। दरअसल, एरोमाटेज एंजाइम एंड्रोजन को एस्ट्रोजन में बदलने का कार्य करता है जिसके कारण महिलाओं में स्तन कैंसर की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। 
मुंह के रोगों से छुटकारा दिलाता है: कई खतरनाक बैक्टीरिया की वजह से जिंजिवायटिस और कई अन्य मुंह से संबंधित रोग होते हैं और इनकी वृद्धि को रोकने के लिए अनार के छिलके बेहद असरकारक होते हैं। 
पुरुषों के लिए फायदेमंद: लगभग 50 ग्राम अनार के रस में छोटी इलायची के बीजों का चूर्ण (लगभग 1 ग्राम) और सोंठ का पाउडर (लगभग आधा ग्राम) मिलाकर पीने से पुरुषों में पेशाब के साथ वीर्य जाने की समस्या में बहुत लाभ होता है। 
याददाश्त बढ़ाता है: अंतरराष्ट्रीय जर्नल एविडेंस-बेस्ड कॉम्प्लिमेंटरी एंड अल्टरनेटिव मेडिसिन में हालिया प्रकाशित एक रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार रोजाना केवल एक गिलास अनार का रस पीकर 30 से 40 वर्ष (अधेड़ उम्र) के लोग और बुजुर्ग अपनी याददाश्त को बेहतर बना सकते हैं। इस शोध को साबित करने के लिए याददाश्त की समस्या से परेशान करीब 32 लोगों को इसमें शामिल किया गया। इस रिसर्च के दौरान इन लोगों को अनार के जूस का एक गिलास रोजाना एक महीने तक पीने को दिया गया। एक महीने बाद आए रिजल्ट देखने पर पता चला कि अनार का जूस याददाश्त को बेहतर बनाने में बहुत कारगर है। अनार के जूस से याददाश्त बढ़ती है जैसा की रिसर्च से पता चला है, लेकिन इसके अलावा अनार को एक बेहतर ब्रेन टॉनिक भी माना गया है। रिसर्च के मुताबिक अनार के जूस में न्यूरोप्रोटेक्टिव गुण पाए जाते हैं। इसके लगातार सेवन करने वाले व्यक्ति को ब्रेन हैमरेज जैसी बीमारी होने की संभावना काफी कम हो जाती है। साथ ही अल्जाइमर रोगियों के लिए भी अनार का फल और जूस बहुत फायदेमंद होता है। एक अनार खाकर इतनी सारी समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है, तो बिना सोचे और आलस किए आज से नहीं, बल्कि अभी से अनार खाना शुरू कर सकते हैं।
साभार: भास्कर समाचार
For getting Job-alerts and Education News, join our Facebook Group “EMPLOYMENT BULLETIN” by clicking HERE . Please like our Facebook Page HARSAMACHAR for other important updates from each and every field.